नयी चाल...अमेरिका ने आखिर क्यों जनरल बाजवा को बुलाया
<p><strong><em>जनरल बाजवा इससे पहले ही अमेरिका पहुंच गए हैं। इस दौरे का एजेंडा क्‍या है, इसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।</em></strong></p>
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा अमेरिका के दौरे पर होंगे। तीन अक्टूबर से वह अपना अमेरिका दौरा शुरू करेंगे। जनरल बाजवा इससे पहले ही अमेरिका पहुंच गए हैं। इस दौरे का एजेंडा क्या है, इसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। साल 2019 में जनरल बाजवा का कार्यकाल तीन साल बढ़ाया गया था और अब वह खत्म होने को है।
खत्म होने वाला कार्यकाल
कुछ लोग यह भी मान रहे हैं कि अगर वह अमेरिका के आमंत्रण पर वहां गए हैं तो हो सकता है कि उनका कार्यकाल बढ़ा दिया गया हो। जनरल बाजवा का अमेरिका दौरा तीन बार टाला जा चुका था। पहले इस साल की शुरुआत में यह दौरा होना था लेकिन यूक्रेन वॉर की वजह से इसे टाला गया। इसके बाद वह मार्च-अप्रैल में अमेरिका जाने वाले थे मगर पाकिस्तान के आतंरिक राजनीतिक हालातों की वजह से वह जा नहीं सके। अगस्त में जब जनरल बाजवा ब्रिटेन के दौरे पर थे तो कयास लगाए गए कि हो सकता है वह अमेरिका भी जाएं। मगर उस समय भी ऐसा नहीं हुआ।
अमेरिका ने दिए सकारात्मक संदेश
जनरल बाजवा ने इस दौरे से पहले फोन पर अमेरिका के रक्षा मंत्री जनरल लॉयड जेम्स ऑस्टिन से बात की थी। इस फोन कॉल के दौरान दोनों ने आपसी हितों पर चर्चा की। इसके अलावा क्षेत्रीय स्थिरता, रक्षा और सुरक्षा सहयोग जैसे मसलों पर भी वार्ता हुई। इससे पहले 18 अगस्त को भी अमेरिका के सेंट्रल कमांड के (Centcom) कमांडर जनरल माइकल ई कुरिला ने भी जनरल बाजवा से पाकिस्तान आर्मी के जनरल हेडक्वार्ट्स पर मुलाकात की थी। इसी दौरान अमेरिका-पाकिस्तान के बीच मिलिट्री ट्रेनिंग एक्सचेंज प्रोग्राम पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
पाकिस्तान के लिए कर्ज की भीख
इससे पहले जुलाई में पाकिस्तान की तरफ से आधिकारिक तौर पर इस बात की जानकारी दी गई थी कि जनरल बाजवा ने अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष से 1.2 अरब डॉलर का कर्ज हासिल करने के लिए अमेरिका से गुहार लगाई थी। जनरल बाजवा और अमेरिका के बीच बढ़ते संपर्कों पर पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने जुलाई माह में बड़ा बयान दिया था। इमरान ने कहा था कि यह आर्मी चीफ का काम नहीं है कि वह अमेरिका के आगे अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष से कर्ज हासिल करने के लिए गिड़गिड़ाएं।
What's Your Reaction?