बेटे अब्दुल्ला सहित आंख मिचौली खेल रहे आजम खान, हुए अंडरग्राउंड!

बेटे अब्दुल्ला सहित आंख मिचौली खेल रहे आजम खान, हुए अंडरग्राउंड!
27-09-2022 - 11:57 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

रामपुर की पुलिस परेशान है कि आखिर विधायक और पूर्व मंत्री आजम खान अपने पुत्र अब्दुल्ला के साथ अचानक कहां छुप गये हैं। समाजवादी पार्टी के इन विधायकों ने अपनी सुरक्षा में लगे पुलिस के गनर लौटा दिये हैं। इनके परिजन और करीबी लोग इन दोनों के बारे में ठोस जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। समझा जा रहा है कि दोनों पिता-पुत्र गिरफ्तारी के डर से सुरक्षित स्थान पर जाकर छिप गये हैं।

उल्लेखनीय है कि पहले से दर्ज चोरी के मामले में, चोरी गया सामान आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी में रखा हुआ है। पुलिस ने जब आजम खां के विधायक बेटे अब्दुल्ला के दो दोस्तों अनवार और सालिम को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर जौहर यूनिवर्सिटी में छापा मारा था तब जमीन में दबी नगर पालिका की सफाई मशीन, मदरसा आलिया से चोरी की गई हजारों किताबों के साथ कई अलमारियां वहां बरामद करने का दावा किया था। पुलिस का कहना है कि इस यूनिवर्सिटी में चोरी का और भी माल बरामद हो सकता है।

इसी संदर्भ में पुलिस ने कोर्ट से यूनिवर्सिटी का सर्च वारंट मांगा था। कोर्ट ने डीएम से तीन मजिस्ट्रेटों का पैनल बनाकर पूछा था कि यूनिवर्सिटी में चोरी का माल कहां मिलने की उम्मीद है, उसकी रिपोर्ट दें। इसके बाद सोमवार को एडीएम हेम सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सत्यम मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर निरंकार सिंह पुलिस के साथ यूनिवर्सिटी निरीक्षण करने पहुंचे। एडीएम के मुताबिक निरीक्षण रिपोर्ट कोर्ट को सौंपी जानी है। रिपोर्ट दिये जाने के बाद ही कोर्ट सर्च वारंट के मामले में फैसला सुनाएगी। इससे पहले ही दोनों पिता-पुत्र रामपुर से अचानक गायब हो गये हैं।
रामपुर जिले के अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह ने बताया कि आजम खान 23 सितंबर तक दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने वहां से अपने सुरक्षा कर्मियों को वापस भेज दिया। उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा के तहत तीन गनर मिले थे। सिंह ने यह भी बताया कि स्वार विधायक अब्दुल्ला आजम ने 22 सितंबर को ही अपनी सुरक्षा में लगा गनर छोड़ दिया था। गनर ने पुलिस लाइन में आमद भी करा दी। इसके बाद से अब्दुल्ला के मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहे हैं। सिंह का कहना है कि यदि आजम खान और अब्दुल्ला आजम अपनी सुरक्षा वापस मांगेंगे तब मुहैया करा दी जाएगी।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।