तनाव बढ़ाएगी दक्षिण चीन सागर में चीन की पहली ड्रोन पनडुब्बीे
ताईवान को लेकर अमरीका और चीन के बीच ठनी हुई है। इस तनातनी के बीच दक्षिणी चीन सागर में चीन ने ड्रोन पनडुब्बी तैनात की है। सैटेलाइट से प्राप्त चित्रों से तो यही पता चलता है। फिलहाल इस पनडुब्बी को लेकर चीन के इरादों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। लेकिन, इतना तय है कि चीन द्वारा इस पनडुब्बी की तैनाती से क्षेत्र में तनाव और बढ़ने वाला है।
नेवल न्यूज ने इसी महीने कुछ सैटेलाइट तस्वीरें जारी की हैं। उन तस्वीरों में स्पष्ट दिख रहा था कि कि चीन की दो विशालकाय बिना क्रू वाली पनडुब्बियां एक्सएलयूयूवी (XLUUV) हैनान द्वीप के सनाया नौसैनिक बेस पर मौजूद हैं। यह जगह उसी दक्षिणी चीन सागर पर है जहां पर कई देश अपने-अपने दावे करते हैं। रिपोर्ट में बताया गया था कि दोनों पनडुब्बियां मार्च-अप्रैल 2021 से ही यहां पर मौजूद हैं लेकिन नजर अभी आई हैं।
इस रिपोर्ट में इस बात का जिक्र भी है कि दोनों पनडुब्बियां को उसी इलाके के करीब देखा गया है जहां पर चीन पहले अपनी एकदम छोटी पनडुब्बियों को रखता था। इसी बात से अंदाजा लगाया गया था कि या तो इनके ट्रायल्स शुरू हो रहे हैं या फिर इनका परीक्षण किया जा रहा है।
रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि पहली एक्सएलयूयूवी करीब 16 मीटर लंबी और दो मीटर चौड़ी है। यह पनडुब्बी एचएसयू-001 जैसी है जिसे पहली बार साल 2019 में सबके सामने लाया गया था।एचएसयू-001 और एलडीयूयूवी के बारे में रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ये पनडुब्बी इतनी सक्षम हैं कि एचएसयू-001 और एलडीयूयूवी छोटे यूएवी, सेंसर्स और नौसैनिक माइन्स को लेकर जा सकती है। साथ ही इसे मुख्य तौर पर इंटेलीजेंस, सर्विलांस और रेकी के मकसद के लिए डिजाइन किया गया है।
चीन की ड्रोन पनडुब्बी आकार में एचएसयू-001 और एलडीयूयूवी से दोगुनी बड़ी है औ इसकी विशेषताओं अमेरिकी नौसेना की बोइंग ओरका एक्सएलयूयूवी से मिलते जुलते हैं। इसके अलावा चीन की एक्सएलयूयूवी पनडुब्बी साल 2021 से ही समुंदर में हैं जबकि अमेरिका ने ओरका को इसी साल अप्रैल में नौसेना को सौंपा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि चीन का एक्सएलयूयीवी पनडुब्बी का नौसेना में शामिल करना संदेह उत्पन्न करता है कि चीन समुंदर के नीचे बिना हथियारों की जंग में तेजी लाना चाहता है। दक्षिण चीन सागर उसके लिए एक बेहतरीन जगह है जहां वह इस पनडुब्बी को तैनात करके अन्य देशों पर मनोवैज्ञानिक दबाव डाल सकेगा।
What's Your Reaction?