कस्टम अधिकारियों ने खोली कलई.., पकड़ी 27 करोड़ की हाथ घड़ी..!
भारत के कस्टम अधिकारियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर बेशकीमती हाथ घड़ी जब्त की है जिसकी 27 करोड़ रुपये है। यह घड़ी सोने और हीरों से निर्मित है और इसीलिए इस घड़ी की कीमत इतनी अधिक है। जैकब एंड कंपनी की इस हाथ घड़ी को दिल्ली में किसी को उपहार में देने के लिए लाया गया है। गिरफ्तार आरोपी के अनुसार उसकी मुलाकात ग्राहक से दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में होनी थी लेकिन इस मुलाकात से पहले ही वह कस्टम अधिकारियों द्वारा धर लिया गया।
उल्लेखनीय है कि आरोपी इसी महीने की 4 तारीख को दुबई से दिल्ली आने वाली एमिरेटस की उड़ान संख्या ईके-516 से आया था। कस्टम के अधिकारियों ने इस मामले तत्परता दिखाई और आरोपी को जांच के लिए पकड़ लिया। आरोपी के पास से सात अन्य घड़ियां और अन्य सामान भी मिला। पूछताछ में इस आरोपी ने बताया कि इनमें से एक घड़ी की कीमत ही 27 करोड़ रुपये है।
कस्टम अधिकारियों ने इस मामले की सूचना इंटेलिजेंस ब्यूरो, इनफोर्समेंट डायरेक्टरेट और नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी को भी दे दी है। इस मामले में आतंक और हवाला कारोबार के लिहाज से भी जांच की जानी है। कस्टम अधिकारियों के अनुसार आरोपी मूलरूप से गुजरात का रहने वाला है। वह अपने एक रिश्तेदार के साथ दिल्ली आया था। इस मामले में उन रिश्तेदा की कोई संलिप्तता नहीं मिली इसीलिए उन्हें जाने दिया गया। आरोपी और एक अन्य साथी के दुबई और संयुक्त अरब अमीरात में इस तरह के कई शोरूम हैं जहां ऐसे महंगे और अन्य आइटम्स बेचे जाते हैं। भारत में उनका कोई शोरूम नहीं है। इसीलिए वह भारत में सप्लाई देने के लिए आया था। कस्टम कमिश्नर जुबैर रियाल कामली के अनुसार कीमत के लिहाज से बात करें तो यह सबसे बड़ी जब्ती है। इसे एक बार में ही 60 किलो सोने को जब्त करने की तरह समझा जा सकता है।
द जैकब एंड कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, पूरी घड़ी बेहतरीन क्वालिटी के सफेद हीरों से बनी है। यहां तक कि इसके केस, लग्स, बेजेल, ब्रेसलेट और क्लैस्प भी। क्राउन भी रोज-कट वाइट डायमंड है। बिलेनियर III श्रृंखला की इन हाथ घड़ियों में हीरे इस तरह से लगाए गए हैं कि सपोर्टिंग मेटल यानी सोना दिखता ही नहीं है। घड़ी का कुल कैरट वेट 129 कैरट है।
What's Your Reaction?