बगरू से एटीएम मशीन तोड़कर भाग रहे 3 बदमाशों को दौसा पुलिस ने किया गिरफ्तार, तीन अन्य एटीएम लूट की वारदातों का भी खुलासा

<p><em>जयपुर ग्रामीण जिले के बगरू में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम मशीन को&nbsp;उखाड़ कर ले जाने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को 3 घंटे के अंदर ही पकड़ लिया गया है। यह कारनामा&nbsp;&nbsp;दौसा ज़िले के थाना सिकंदरा की स्पेशल टीम ने किया है।&nbsp;बदमाशों के पास मिली फर्जी नंबर प्लेट लगी पिकअप से एटीएम मशीन, घटना में प्रयुक्त औजार और 5 लीटर हथकढ़ शराब जब्त&nbsp;की गई है।</em></p>

बगरू से एटीएम मशीन तोड़कर भाग रहे 3 बदमाशों को दौसा पुलिस ने किया गिरफ्तार, तीन अन्य एटीएम लूट की वारदातों का भी खुलासा
02-02-2023 - 07:20 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

राजस्थान के महानिदेशक पुलिस उमेश मिश्रा ने इस कार्रवाई के लिए दौसा एसपी संजीव नैन और कार्यवाही में शामिल टीम के सभी सदस्यों थानाधिकारी सिकंदरा मनोहर लाल, हैड कॉन्स्टेबल सुरेश चंद,कमल सिह, कॉन्स्टेबल हवलदार, बाबूलाल, राजेश व विरेन्द्र को बधाई दी है।

 10 मिनट में उखाड़ी एटीएम मशीन 

दौसा एसपी संजीव नैन ने बताया कि बीती रात नकाबपोश बदमाश थाना बगरू क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम मशीन को रस्सी के साथ पिकअप से बांध उखाड़ कर भाग गए थे।  उनकी हरकतें सीसीटीवी कैमरे में रेकॉर्ड हो गई। इस वारदात को 7 बदमाशों द्वारा मात्र 10 मिनट में अंजाम दिया गया था।

रेन्ज आईजी दत्ता ने किया दौसा पुलिस को अलर्ट 

बदमाशों की मूवमेंट दौसा की तरफ आने पर आईजी उमेश दत्ता के निर्देशन एवं सीओ दीपक मीणा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी मनोहर लाल के नेतृत्व में थाना सिकंदरा से एक विशेष टीम गठित कर सिकंदरा चौराहे पर नाकाबंदी की गई ।

 एटीएम मशीन समेत तीन आरोपी पकड़े
थानाधिकारी मनोहर लाल के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा सिकंदरा चौराहे पर नाकाबंदी में दोसा की तरफ से तेज गति से आ रही संदिग्ध पिकअप को घेरकर रुकवाया गया । फर्जी नंबर प्लेट लगी पिकअप से बैंक ऑफ बड़ौदा की एटीएम मशीन घटना में प्रयुक्त दो सब्बल, एक रस्सा, एटीएम को ढकने में उपयोग ली गई रजाई तथा पिकअप के अंदर से 5 लीटर हथकढ़ शराब मिली।

तीन को किया गिरफ्तार
पुलिस ने पिकअप सवार बदमाश लोकेंद्र सिंह राजपूत पुत्र भूपेंद्र उर्फ भागीरथ (27) निवासी खड़गपुर थाना रैणी जिला अलवर, गणेश चौधरी पुत्र रामरतन (28) निवासी चोरू थाना फागी जयपुर ग्रामीण एवं हितेश सैनी पुत्र गिरधारी लाल (20) निवासी बध का बास थाना लक्ष्मणगढ़ जिला अलवर को गिरफ्तार किया है। गणेश चौधरी के विरुद्ध पूर्व में वाहन चोरी व अन्य चोरी के करीब 20 मुकदमे दर्ज है। लोकेंद्र सिंह राजपूत थाना रैणी का हिस्ट्रीशीटर है, इसके विरुद्ध वाहन व अन्य चोरी के 22 प्रकरण दर्ज हुए हैं।

तीन अन्य एटीएम मशीन लूट की वारदातों का हुआ खुलासा
इनकी गैंग ने 11 व 12 दिसंबर की रात 3 बजे थाना महवा क्षेत्र के बालाहेड़ी स्थित हिटाची बैंक के एटीएम को तोड़ा था। इन्होंने नगद मिले 40 हजार रू लेकर खाली एटीएम को ढगारिया के पास नदी में फेंक दिया।  इन लोगों ने ही अलवर जिले के बनोखर में 7-8 जनवरी की रात 2:30 बजे इंडिकैश बैंक का एटीएम तोड़ा था। जिसमे 4 लाख 50 हजार रुपये कैश रखे हुए थे। साथ ही 21-22 जनवरी की रात थाना लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के मौजपुर में इंडिकैश बैंक के एटीएम को तोडकर 11 हजार रुपये लूटे थे।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।