पेड़ से लटकती मिलीं दलित बहनों की लाशें, लखीमपुर खीरी में तनाव
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के तनावपूर्ण माहौल है। वहां के निघासन थाना इलाके में बुधवार, 14 सितंबर की शाम को दो सगी दलित नाबालिग बहनों की संदिग्ध अवस्था में लाशें एक ही पेड़ पर लटकी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवतियों की मां का आरोप है कि तीन युवक बाइक से आए और उसकी बेटियों को खींच ले गए थे। परिवार का आरोप है कि उन्हीं लोगों ने बेटियों की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। घटना के बाद निघासन में भारी तनाव का माहौल है। लोगों ने चौराहा जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की घटनास्थल पर पहुचे एसपी संजीव सुमन से कहासुनी भी हो गई। उधर घटना की सूचना पर लखनऊ से आईजी लक्ष्मी सिंह भी गांव पहुंच गईं।
जानकारी के मुताबिक निघासन कोतवाली क्षेत्र के गांव तमोलिनपुरवा के बाहर एक दलित परिवार रहता है। घर पर दो बेटियां और उनकी बीमार मां थी। शाम करीब पांच बजे गांव से करीब पौन किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में लगे एक खैर के पेड़ से दो सगी नाबालिग बहनों के शव लटकते मिले। दोनों के शव एक ही दुपट्टे से एक ही पेड़ से लटक रहे थे। एक किशोरी के पैर भी जमीन पर लग रहे थे। शव देखकर गांव वालों ने हंगामा शुरू कर दिया।
बाइक से आए थे तीन आरोपी, मां को भी मारा
इन किशोरियों की मां ने गांव वालों को बताया कि कुछ देर पहले एक बाइक से आए तीन युवक उसकी दो बेटियों को जबरदस्ती खींचकर गन्ने के खेत में ले गए थे। मां ने विरोध किया तो उसे लात मारकर गिरा दिया। मां का आरोप है कि उसकी बेटियों को अगवा कर उनकी हत्या की गई है।
What's Your Reaction?