आम्रपाली के फ्लैट खरीदारों के लिए खुशखबरी, जल्द दिये जाएंगे 11 हजार से ज्यादा फ्लैट
आम्रपाली समूह के परेशान घर खरीदारों के लिए सुप्रीम कोर्ट से अच्छी खबर आई है। शुक्रवार, 23 सितंबर को सर्वोच्च न्यायालय को सूचित किया गया कि घर खरीदारों को अगले दो से तीन महीनों में 11,858 फ्लैट सौंप दिए जाएंगे। इनमें से 5,428 फ्लैट का कब्जा अक्टूबर में ही दे दिया जाएगा। चीफ जस्टिस उदय उमेश ललित और न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी की पीठ को अदालत के रिसीवर वरिष्ठ अधिवक्ता आर. वेंकटरमणि ने सूचित किया कि 5,428 फ्लैट को त्योहारी सीजन में अगले महीने बिजली और पानी कनेक्शन के साथ घर खरीदारों को सौंप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘हम अन्य 6,430 फ्लैट के लिए बिजली और पानी के कनेक्शन को लेकर कुछ मुद्दों का सामना कर रहे हैं और एक बार कनेक्शन प्रदान कर दिए जाने और पूर्णता प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद, इन फ्लैटों को अगले दो से तीन महीनों में घर खरीदारों को सौंप दिया जाएगा।’
What's Your Reaction?