ईरान में काबू में नहीं आ रहे प्रदर्शनकारी, फूंक डाली सुप्रीम लीडर की सबसे बड़ी तस्वीर
पुलिस हिरासत में एक युवती की मौत के बाद शुक्रवार की सुबह पूरे ईरान में प्रदर्शनकारी सुरक्षाबलों के साथ भिड़ गए। सरकारी टेलीविजन ने बताया कि हिंसा में मरने वालों की संख्या 26 तक हो सकती है। इस बीच तेहरान से एक वीडियो सामने आया, जिसमें प्रदर्शनकारी ईरान के सुप्रीम लीडर की एक विशालकाय तस्वीर में आग लगाते नजर आए। देश की महिलाएं इस्लामिक ड्रेस कोड के खिलाफ सडक़ों पर उतर आई हैं। हालांकि कई ईरानी शहरों और कस्बों में विरोध का स्तर स्पष्ट नहीं है लेकिन यह आंदोलन 2019 के आंदोलन के बाद व्यापक अशांति को दर्शाता है।
विरोध स्थल के एक वीडियो में कई नकाबपोश प्रदर्शनकारी नारे लगाते नजर आए। उनके पीछे एक विशालकाय स्क्रीन को आग की लपटों में देखा जा सकता है। इंटरनेट पर नजर रखने वाले नेटब्लॉक्स के अनुसार, ईरान ने इंटरनेट तक पहुंच को भी बाधित कर दिया है। रैलियों के आयोजन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप जैसे लोकप्रिय सोशल मीडिया मंचों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। सरकारी टेलीविजन ने गुरुवार, 22 सितंबर की देर रात कहा कि 22 वर्षीय महसा अमिनी के अंतिम संस्कार के बाद पिछले शनिवार को हुए विरोध प्रदर्शन के बाद से 26 प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी मारे गए हैं।
खामेनेई की फोटो में लगाई आग
सोशल मीडिया पर प्रदर्शन और आगजनी के वीडियो शेयर हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की सबसे बड़ी तस्वीर को आग के हवाले कर दिया है।
What's Your Reaction?