इमरान खान पर जानलेवा हमला..! पाक में बवाल, लाहौर से लंदन तक प्रदर्शन
<p><em><strong>हमलावर ने वजीराबाद में हुई रैली के दौरान फायरिंग की थी। पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है।</strong></em></p>
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर एक रैली के दौरान फायरिंग की गई है। इसमें इमरान खान घायल हो गए हैं। उनके पैर में गोली लगी है। लाहौर के अस्पताल में उनका इलाज जारी है। इमरान के अलावा 14 और लोग इस हमले में घायल हुए हैं। एक शख्स की मौत की पुष्टि भी कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
वहीं, इमरान खान को लाहौर के अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। अस्पताल ने जारी बयान में कहा है कि इमरान खान की स्थिति अभी स्थिर है। उन्हें ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया है। गोली उनकी टिबिया बोन में लगी है।
पुलिस के मुताबिक हमलावर ने वजीराबाद में हुई रैली के दौरान फायरिंग की थी। पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने अपने कबूलनामे में मान लिया है कि उसी ने इमरान खान पर फायरिंग की थी। उसने बताया कि इमरान खान और उनकी पार्टी के दूसरे नेता अजान के समय डेक बजाकर शोर कर रहे थे, लोगों को भी गुमराह किया जा रहा था। यह उससे देखा नहीं गया इसलिए उसने गोली चला दी। आरोपी का कबूलनामा तो सामने आ गया है लेकिन इमरान खान की पार्टी दावा कर रही है कि तीन लोगों ने पूर्व पीएम पर ये जानलेवा हमला करवाया है। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, राणा सनाउल्लाह और मेजर जनरल फैजल दोषी हैं।
अल्लाह ने बख्षी नई जिंदगी
दूसरी तरफ, इस घटना पर पहली प्रतिक्रिया में इमरान ने कहा है कि अल्लाह ने उन्हें नई जिंदगी बख्शी है। वे लिखते हैं कि इंशाल्लाह मैं फिर वापसी करूंगा, लड़ाई जारी रखूंगा। इमरान खान इस समय पाकिस्तान में आजादी मार्च निकाल रहे हैं। वे वर्तमान सरकार के खिलाफ सड़क पर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
एके-47 से हुई फायरिंग..!
फवाद चौधरी ने दावा किया है कि इस फायरिंग में इमरान खान को पैर में गोली लगी है। उनके अलावा पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के कई दूसरे नेता भी इस गोलीबारी में जख्मी हुए हैं। फवाद चौधरी के मुताबिक इमरान खान पर एके 47 से फायरिंग की गई है। उनके पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक हमलावर हाथ में बंदूक के साथ नजर आ रहा है। पुलिस ने फायरिंग के तुरंत बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने की हमले की निंदा
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खान पर हमले की निंदा की और गृहमंत्री को घटना के संबंध में तत्काल रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। शरीफ ने ट्वीट किया, ‘मैं पीटीआई अध्यक्ष और अन्य घायल लोगों के स्वस्थ होने की दुआ करता हूं। संघीय सरकार सुरक्षा और जांच के लिए पंजाब सरकार को हर संभव सहायता देगी। हमारे देश की राजनीति में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।’
अल्लाह का शुक्रिया अदा करता हूं कि इमरान सुरक्षित हैंः राष्ट्रपति
राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने खान पर हमले को जघन्य हत्या का प्रयास बताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मैं अल्लाह का शुक्रिया अदा करता हूं कि वह सुरक्षित हैं लेकिन उनके पैर में गोलियां लगी हैं, उम्मीद है कि वह गंभीर नहीं होगा।’
What's Your Reaction?