लैपटाॅप सील और कर्मचारियों के फोन क्लोन कर 60 घंटों के बाद बीबीसी पर आयकर छापे की कार्रवाई खत्म
<p><em><strong>इंटरनेशनल मीडिया कंपनी बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तरों में तीन दिन तक चली आयकर विभाग की कार्रवाई खत्म हो गई है। बीबीसी ने बयान जारी कर बताया कि आयकर की टीमें हमारे दिल्ली और मुंबई दफ्तरों से लौट गई हैं। </strong></em></p>
बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तरों में आयकर विभाग का सर्वे गुरूवार को तीसरे दिन खत्म हो गया। बीबीसी के दफ्तर से आयकर अधिकारी कुछ दस्तावेजों और डेटा लेकर लौट गए। इन दस्तावेजों को सर्वे के दौरान इकट्ठा किया गया था। आयकर विभाग ने बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तरों में मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे से ‘सर्वे’ शुरू किया था, जो गुरुवार, 16 फरवरी की रात तकरीबन 10 बजे खत्म हुआ।
आयकर विभाग की यह कार्रवाई खत्म होने के बाद बीबीसी ने बयान जारी कर बताया कि आयकर की टीमें हमारे दिल्ली और मुंबई दफ्तरों से लौट गई हैं। हम जांच में सहयोग करना जारी रखेंगे। हमें उम्मीद है कि इस मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा। बीबीसी ने बयान में कहा कि हम हमारे कर्मचारियों के साथ खड़े हैं, जिनमें से कुछ के साथ घंटों तक पूछताछ की गई और कुछ को पूछताछ के लिए रातभर ऑफिस में रूकना पड़ा। बयान में कहा गया कि बीबीसी एक विश्वसनीय, स्वतंत्र मीडिया संगठन है। हम हमारे सहकर्मियों और पत्रकारों के साथ खड़े हैं, जो बिना किसी डर या पक्षपात के अपना काम करना जारी रखेंगे।
What's Your Reaction?