दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध श्रृंखला का दूसरा एक दिवसीय मैच भारत ने 7 विकेट से जीता, धवन ने पहले बल्लेबाजी चुनने के लिए महाराज को कहा थैंक्स

दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध श्रृंखला का दूसरा एक दिवसीय मैच भारत ने 7 विकेट से जीता, धवन ने पहले बल्लेबाजी चुनने के लिए महाराज को कहा थैंक्स
10-10-2022 - 09:54 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

रविवार, 9 अक्टूबर को रांची में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध खेला गया श्रृंखला का दूसरा एक दिवसीय क्रिकेट मैच भारत ने 7 विकेट के अंतर से जीत लिया। कप्तान शिखर धवन ने इस जीत का श्रेय टीम के ऑलराउंड प्रदर्शन को दिया। दक्षिण अफ्रीका के 279 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने श्रेयस अय्यर (नाबाद 113) के शतक और इशान किशन (93) के बीच हुई तीसरे विकेट की 161 रन की रिकॉर्डतोड़ साझेदारी की सहायता से मैच जीत लिया और श्रृंखला को 1-1 से बराबर कर लिया। भारत ने तीन विकेट के नुकसान पर 282 रन बनाये।

कप्तान धवन ने मैच के बाद कहा कि उन्हें खुशी है कि विरोधी कप्तान केशव महाराज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने कहा, ‘‘टॉस अच्छा रहा, मैं खुश हूं। केशव को धन्यवाद कि उन्होंने बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मुझे कहना होगा कि इशान और श्रेयस ने जिस तरह से साझेदारी बनाई वह देखने लायक था।’’
शिखर ने कहा कि गेंद अच्छी तरह से बल्ले पर आ रही थी लेकिन नीची रह जा रही थी। इस लिहाज से टीम की योजना पहले 10 ओवर में गेंदबाजों के विरुद्ध आक्रामक रवैया अपनाने की थी। जैसे ही ओस पड़ने लगी तो गेंद फिसलने लगी और बैकफुट पर खेलना आसान हो गया। उन्होंने कहा, ‘मैं गेंदबाजों, खासकर शाहबाज से बहुत खुश हूं। उन्होंने पहले 10 ओवरों में जिस तरह गेंदबाजी की और हमें सफलता दिलाई।’ इससे पहले गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज (38 रन पर तीन विकेट), शाहबाज अहमद (54 रन पर एक विकेट), कुलदीप यादव (49 रन पर एक विकेट) ने प्रभावित किया।
दक्षिण अफ्रीकी के कप्तान केशव महाराज ने मैच पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि ओस से इतना अंतर पैदा होगा। उन्होंने कहा, ‘हमें उम्मीद नहीं थी कि ओस इतनी बड़ी भूमिका निभाएगी इसलिए हमने टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करने का विकल्प चुना लेकिन श्रेयस और संजू को श्रेय जाता है। हमें उम्मीद थी कि यह पिच धीमी और नीची होगी लेकिन 20 ओवर के बाद पिच बेहतर हो गई।’

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।