जिम्नी/थार: इंजन...पावर...फीचर्स, कौन है ज्यादा दमदार ऑफरोडिंग

<p><em><strong>मारुति सुजुकी जिम्नी के फाइव-डोर वर्जन ने ऑटो एक्सपो में एंट्री कर के ऑफरोडिंग सेगमेंट में खलबली मचा दी है। इस एसयूवी की तुलना महिंद्रा की थार से शुरू हो गई है, ऐसा माना जा रहा है कि, लॉन्च होने के बाद ये सबसे किफायती फोर-व्हील ड्राइव मॉडल होगी।&nbsp;</strong></em></p>

जिम्नी/थार: इंजन...पावर...फीचर्स, कौन है ज्यादा दमदार ऑफरोडिंग
15-01-2023 - 11:51 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

ऑटो एक्सपो के दूसरे दिन मारुति सुजुकी ने अपनी बहुप्रतीक्षित मॉडल जिम्नी को लॉन्च किया था। आकर्षक लुक और दमदार इंजन क्षमता से सजी इस ऑफरोडिंग एसयूवी के 5-डोर वर्जन को पेश किया गया है। हालांकि इसके थ्री-डोर वर्जन को कंपनी इससे पहले भी शोकेस कर चुकी है, लेकिन फाइव डोर वर्जन का इंतजार लंबे समय से हो रहा था। इस एसयूवी के पेश होते ही इसकी तुलना बाजार में मौजूदा मॉडल महिंद्रा थार से शुरू हो चुकी है। ज्यादातर लोगों के जेहन में ये सवाल है कि, आखिर महिंद्रा थार और मारुति जिम्नी में कौन ज्यादा पावरफुल है। 
एक्सटीरियर लुक और डिजाइन 
मारुति जिम्नी 5-डोर वर्जन का लुक पिछले 3-डोर मॉडल जैसा ही है। कंपनी ने इसके व्हीलबेस को बढ़ा दिया है, ताकि दो अन्य दरवाजों को शामिल किया जा सके। इसमें अपराइट पिलर्स, क्लीन सरफेस, सर्कुलर हेडलैंप, स्लैटेड ग्रिल, चंकी ऑफ-रोड टायर्स और फ्लेयर्ड व्हील्स दिए गए हैं। कुल मिलाकर देखने में ये एसयूवी ग्लोबल मार्केट में मौजूद थ्री-डोर वर्जन जैसी ही है। यदि इसके साइज की बात करें तो इसकी लंबाई 3,985 मिमी, चैड़ाई 1,645 मिमी और उंचाई 1,720 मिमी है। वहीं इसका व्हीलबेस 2,590मिमी जो कि थ्री-डोर वर्जन के मुकाबले पूरे 340मिमी ज्यादा है। एसयूवी के पिछले हिस्से में जो स्पेयर व्हील दिए गए हैं, वो इसको प्रॉपर ऑफरोडिंग एसयूवी लुक देते हैं। बॉक्सी डिजाइन वाले इस एसयूवी को दो रंगों में पेश किया गया है, एक स्टील ग्रे और दूसरा लेमन ग्रीन, हालांकि कंपनी इन रंगों को दूसरा नाम देती है।
वहीं, महिंद्रा थार की लंबाई 3,985मिमी, चैड़ाई 1820मिमी और उंचाई 1,855मिमी है। इस ऑफरोडिंग एसयूवी में 2,450मिमी लंबा व्हीलबेस दिया गया है। यहां ये ध्यान देना जरूरी है कि महिंद्रा थार केवल थ्री-डोर वर्जन में ही उपलब्ध है। इन दोनों एसयूवी की लंबाई एक समान है, लेकिन चैड़ाई में थार ज्यादा स्पेस प्रदान करती है, वहीं थ्री-डोर वर्जन होने के बावजूद थार और जिम्नी के व्हीलबेस में कोई ज्यादा अंतर नहीं है। 
दोनों एसयूवी की इंजन क्षमता 
मारुति जिम्नी में कंपनी ने पुराने के5बी इंजन का इस्तेमाल किया है, जो कि संभव है कि 4-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमेटिक या 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ पेश किया जाए। इसी इंजन का इस्तेमाल थ्री-डोर वर्जन में भी किया गया है जो कि 105एचपी की पावर और 134एनएएम का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इसके अलावा इसमें माइल्ड हाइब्रिड तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है, जो कि निश्चित रूप से इसके माइलेज को बेहतर करने में मदद करेगा। वहीं, नई एंट्री-लेवल महिंद्रा थार को पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन विकल्प के साथ पेश किया गया है। इसके रियर व्हील ड्राइव वेरिएंट के डीजल वर्जन में कंपनी ने 1.5 लीटर की क्षमता का (डी117) डीजल इंजन दिया है, जो कि थार को जब पहली बार बाजार में उतारा गया था उस वक्त देखने को मिला था। ये इंजन 117 बीएचपी की पावर और 300 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन को 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन सिस्टम से जोड़ा गया है। वहीं, पेट्रोल वर्जन में कंपनी ने 2.0 लीटर की क्षमता का टर्बो-पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया है जो कि, 150 बीएचपी की पावर और 320 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है, इस इंजन को 6-स्पीड ऑटोमेटिक गियरबॉक्स का भी विकल्प मिलता है। पावर आउटपुट के मामले में केवल पेट्रोल इंजन की ही तुलना करेंगे, क्योंकि जिम्नी केवल पेट्रोल इंजन में ही आएगी। इस मामले में थार का इंजन बड़ा है तो वो ज्यादा पावरफुल साबित होता है। दिलचस्प बात ये है कि जिम्नी में कंपनी ने ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम दिया है जो कि इसे अपने सेग्मेंट की सबसे किफायती फोर-व्हील एसयूवी बनाने में मदद कर सकता है। अब ये देखने वाली होगी कि, कंपनी इसकी शुरुआती कीमत क्या तय करती है। इसमें मैनुअल ट्रांसफिक केस दिया गया है, जो कि अलग-अलग मोड प्रदान करता है। जिम्नी में कंपनी ने 210मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया है। 
जिम्नी के फीचर्स में क्या है खास
मारुति जिम्नी 5-डोर के इंटीरियर की बात करें तो इसमें कंपनी 9 इंज का ट्चस्क्रीन इंफोटेंमेंट सिस्टम दे रही है, जिसे डैशबोर्ड के बीच में जगह दिया गया है। फ्रंट में दो एसी वेंट्स दिख रहे हैं, इसके अलावा स्टीयरिंग व्हील काफी हद तक मारुति स्विफ्ट से मेल खाता है। इसमें डैशबोर्ड माउंटेड ग्रैब हैंडल भी दिया गया है। एसयूवी के स्पीडोमीटर को स्पोर्टी और ऑफरोडिंग लुक दिया गया है। फीचर्स के तौर पर इस एसयूवी में मारुति सुजुकी का स्मार्टप्ले प्रोप्लस इंफोटेंमेंट सिस्टम, वायरलेस एप्पल कार प्ले और एंड्रॉयड कनेक्टिविटी के साथ 6 एयरबैग, हिल होल्ड असिस्ट, रियर व्यू कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकफोर्स डिस्ट्रीब्यूशन  के साथ एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम दिया जाएगा। हालांकि अभी बहुत सारे फीचर्स ऐसे हैं, जो कि इस एसयूवी के लॉन्च के मौके पर सामने आएंगे। 
महिंद्रा थार के फीचर्स 
महिंद्रा थार के केबिन में ऑटो स्टार्ट/स्टॉप फीचर मिलता है और इसे स्टीयरिंग व्हील और ड्राइवर के दरवाजे के बीच कंट्रोल पैनल के माध्यम से एक्सेस किया जा सकता है। बटन की बात करें तो यह ट्रैक्शन कंट्रोल के साथ आता है। हिल डिसेंट कंट्रोल और डोर अनलॉक/लॉक जो कंट्रोल पैनल से सेंटर कंसोल पर रिपोजिशन किए गए हैं। इसके अलावा, थार को एप्पल कार प्ले और एंड्राॅयड आॅटो कनेक्टिविटी के साथ 7.0-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेंमेंट सिस्टम, इलेक्ट्रिकली एड्जेस्टेबल आउटसाइड मिरर और एलईडी डे-टाइम रनिंग लैंप मिलते हैं। 
नई मारुति जिम्नी की कीमत 
नई मारुति जिम्नी की ऑफिशियल बुकिंग भी शुरू कर दी गई है और कंपनी इसे अपने प्रीमियम नेक्सा डीलरशिप के माध्यम से बेचेगी। इच्छुक ग्राहक इस एसयूवी को 11,000 रुपये के बुकिंग अमाउंट के साथ बुक कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार कंपनी इस एसयूवी को आगामी मई महीने तक बाजार में बिक्री के लिए लॉन्च कर सकती है। जहां तक कीमत की बात है तो ऐसा माना जा रहा है कि, इसकी कीमत तकरीबन 10.5 लाख रुपये से लेकर 11 लाख रुपये के बीच शुरू हो सकती है। वहीं, मौजूदा महिंद्रा थार की कीमत 9.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।