प्रगति राजनीति से परे होनी चाहिए ', वन्दे भारत ट्रेन के केरल आगमन पर ख़ुशी जताई शशि थरूर ने
<p><em>कांग्रेस नेता शशि थरूर ने बुधवार को कहा कि वह "खुश" हैं कि केरल को अपनी पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिल रही है, और जोर देकर कहा कि "प्रगति राजनीति से परे होनी चाहिए"। उन्होंने कहा कि उन्होंने पिछले साल फरवरी में वंदे भारत ट्रेनों का सुझाव दिया था और इस कदम के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की सराहना की थी।</em></p>
“चौदह महीने पहले के अपने ट्वीट्स को याद करते हुए शशि थरूर ने बताया कि उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को केरल में वन्दे भारत ट्रेन के लिए सुझाव दिया था। मुझे खुशी है कि अश्विनी वैष्णव ने ऐसा ही किया है। उत्सुक हूँ जब 25 तारीख को तिरुवनंतपुरम से नरेंद्र मोदी पहली वन्दे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रगति राजनीति से परे होनी चाहिए,” तिरुवनंतपुरम के सांसद ने एक ट्वीट में कहा।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी केरल यात्रा के दौरान 25 अप्रैल को राज्य की राजधानी में पहली सेमी हाई-स्पीड ट्रेन, तिरुवनंतपुरम-कन्नूर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
वैष्णव ने कहा कि ट्रेन, जिसे शुरू में तिरुवनंतपुरम और कन्नूर के बीच चलाने की योजना थी, कासरगोड को भी कवर करेगी। रेल मंत्री ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री वी मुरलीधरन के अनुरोध के बाद यह निर्णय लिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे दक्षिणी राज्य में दो चरणों में पटरियों का उन्नयन करने जा रहा है। चरण 1 के तहत, कासरगोड से तिरुवनंतपुरम तक के पूरे ट्रैक को 110 किमी प्रति घंटे की गति क्षमता में बदलने के लिए 381 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। यह डेढ़ साल की समयावधि में किया जाएगा।
दूसरे चरण में मोड़ों को सीधा करने और अन्य समायोजन शामिल होंगे, जिसमें दो से तीन साल लगेंगे और इसके बाद ट्रैक की गति क्षमता को बढ़ाकर 130 किमी प्रति घंटा कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब तक केवल एक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन केरल को आवंटित की गई है, और भविष्य में और भी चलाई जाएगी।
What's Your Reaction?