मैनपुरीः ट्रक सड़क किनारे घर में घुसा, चार की मौके पर ही मौत, 5 घायल
NULL
उत्तर प्रदेश के जनपद मैनपुरी में 15 अगस्त की रात को एक बड़ी दुर्घटना हुई। वहां देर रात को एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पर बने घर में घुस गया जिससे 4 लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गये। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मैनपुरी के पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने बताया कि 15 अगस्त की रात एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में घुस गया। इससे एक सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर और उसकी पत्नी के अतिरिक्त ट्रक में सवार 2 लोगों की भी मौत हो गई। इस घटना में 5 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल एक व्यक्ति अब भी मलबे में फंसा हुआ है और राहत कार्य जारी हैं।
सीएमओ पीपी सिंह के अनुसार हादसे के बाद पांच लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से तीन मामूली रूप से घायल हैं और दो की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि जब रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर और उसकी पत्नी अपने घर में सो रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रक घर में जा घुसा, जहां दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि, ट्रक में सवार दो लोगों की भी मौत हुई है। ट्रक में कुल सात लोग सवार थे।
What's Your Reaction?