राजस्थानः बन रहे नये सियासी समीकरण, प्रदेश प्रभारी रंधावा ने कराई गहलोत-चौधरी की मंत्रणा
<p><em><strong>राजस्थान कांग्रेस में नये समीकरण बन रहे हैं। सियासी सरगर्मी फिर से तेज होने लगी है।</strong></em></p>
राजस्थान कांग्रेस में सियासी सरगर्मी फिर से तेज होने लगी है। नेताओं का एक-दूसरे पर बयानबाजी और गहलोत-पायलट खेमे में खींचतान फिर से बढ़ती जा रही है। इसी संदर्भ में शनिवार को राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब कांग्रेस के प्रभारी और बायतू से कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी की सीएम अशोक गहलोत से मंत्रणा कराई।
माना जा रहा है कि सीएम निवास पर हुई इस मंत्रणा के दौरान इन नेताओं ने आपस में गिले-शिकवे दूर करने की बात कही होगी। इस मुलाकात में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद थे। हरीश चौधरी पिछले कई महीनों से सीएम गहलोत के खिलाफ बयान दे रहे थे। हाल ही में उन्होंने ओबीसी आरक्षण को लेकर भी सीएम गहलोत को पत्र लिखा था और आरक्षण की सीमा 21 से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने की मांग की है। इससे ओबीसी की राजनीति गर्मा गई है।
शिवरात्रि पूजन में भी लिया हिस्सा
हरीश चैधरी, सुखजिंदर रंधावा और डोटासरा ने शिवरात्रि के मौके पर सीएम गहलोत के साथ सीएमआर में शिव मंदिर में पूजा भी की। वहीं, अब चौधरी की सीएम गहलोत से मुलाकात के सियासी मायने निकाले जा रहे है। चौधरी के नर्म तेवर उनके गहलोत खेमे में आने का संकेत दे रहे हैं, हालांकि उनकी नाराजगी कितनी कम हुई हैं, ये अभी नहीं कहा जा सकता है। चौधरी को राहुल गांधी का भी काफी नजदीकी माना जाता है। वे पिछले कई दिनों से पेपर लीक मामले को सीबीआई जांच कराने की बात कह चुके हैं। वहीं, हनुमान बेनीवाल की पार्टी को वे गहलोत प्रायोजित बता चुके हैं। उनकी नाराजगी इस बात से भी हैं कि कमलेश प्रजापति एनकाउंटर मामले में गहलोत सरकार ने सीबीआई को जांच सौंप दी थी। इस मामले में चौधरी पर कई आरोप लगे हुए हैं।
What's Your Reaction?