गोरखपुर के मुस्लिम परिवार ने तांत्रिक कहने पर करवाई घर की खुदाई, मिले शंख, त्रिशूल और मंदिर का घंटा..
उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के गगहा इलाके के जगदीशपुर भलुआन गांव चर्चाओं का बाजार गर्म है और कारण है एक मुस्लिम परिवार के घर में खुदाई के दौरान हिंदू धर्म से जुड़े सामान का मिलना। मकान की खुदाई के दौरान मंदिर का घंटा, शंख, त्रिशूल, बर्तन सहित कई लोहे और पीतल से बने पूजा-पाठ का सामान मिला है। यही नहीं खुदाई में मोटी-मोटी हड्डियां भी निकली हैं। पुलिस ने सारा सामान कब्जे में लेकर मामले की जानकारी पुरातत्व विभाग को दे दी है।
उल्लेखनीय है कि जगदीशपुर भलुआन गांव के नया चौराहा के रहने वाले नूर मोहम्मद का परिवार इसलिए परेशान था कि शादियों के बाद उनके यहां बेटियों में किसी को बच्चा नहीं हुआ। काफी इलाज कराया गया और आखिर में यह परिवार गोरखपुर के एक मौलवी के संपर्क में आया। सबसे पहले नूर मोहम्मद के बड़े दामाद गगहा निवासी आलम शेख की मुलाकात गोरखपुर में मौलवी से हुई। मौलवी ने बताया कि उनके घर में ही दोष है। किसी ने कुछ जादू-टोना कराकर घर में कुछ गाड़ दिया है, जिसकी वजह है कि बेटियों को बच्चे नहीं हो रहे हैं।
मौलवी ने यह भी बताया कि घर में ऐसी संदिग्ध वस्तुओं के गड़े होने से घर की सुख-शांति भी भंग हो गई है। मौलवी के कहे अनुसार आलम शेख ने इसका उपचार शुरू किया। मौलवी द्वारा बताई जगह पर मंगलवार को घर में खुदाई शुरू करा दी गई जमीन की मिट्टी करीब चार फीट तक निकाले जाने के बाद उसमें एक मटका मिला, उसमें दीपक, घंटा, त्रिशूल, बर्तन, लोहे के कुछ सामान और हड्डियां मिलीं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरा सामान कब्जे में ले लिया।
शुरुआती तौर पर बौद्ध संग्राहलय के उपनिदेशक मनोज गौतम का कहना है कि सुराही और लोटा 18वीं ईस्वी के लग रहे हैं जो जांच के बाद ही पता चल पायेगा कि वे कितने पुराने हैं। फिलहाल पूरा सामान गगहा थाने में है।
What's Your Reaction?