दीपावली तक उदयपुर-अहमदाबाद मार्ग पर चलेंगी तीन नयी रेलगाड़ियां
जल्दी ही उदयपुर-अहमदाबाद के मध्य नयी रेल लाइन पर तीन रेलगाड़ियों को संचालित किया जाएगा। रेलवे की ओर से कहा गया है कि उदयपुर-अहमदाबाद के बीच आमान परिवर्तन का काम जल्दी ही पूरा हो जाएगा और इसके बाद इस मार्ग पर नई रेलगाड़ियां चलाई जाएंगी। उम्मीद है कि दीपावली तक ये रेलगाड़ियां चलाई जा सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि रेलवे बोर्ड ने उदयपुर से असारवा के बीच दो और जयपुर से असारवा वाया उदयपुर एक रेलगाड़ी की मंजूरी दी है। रेल मंत्रालय की ओर से इन तीन रेलगाड़ियों की समयसारणी भी जारी कर दी गई है। यही नहीं इन रेलगाड़ियों के ठहराव वाले स्टेशन भी तय कर लिए गए हैं।
उधर, उदयपुर के सांसद अर्जुन लाल मीणा भी लगातार कोशिश कर रहे हैं कि इस नई रेल लाइन की शुरुआत दीपावली से पहले ही हो जाए। ऐसे में ट्रेन की समयसारणी घोषित से लग रहा है कि अगले 15-20 दिनों में ये नई रेलगाड़ियां संचालित होना शुरू जाएंगी।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 20963 प्रतिदिन सुबह उदयपुर से 5.30 बजे रवाना होकर 10.55 पर असारवा पहुंचेगी। यही गाड़ी वापसी में गाड़ी संख्या 20964 के रूप में असारवा से दोपहर 2.30 बजे रवाना होकर रात 8 बजे उदयपुर पहुंचेगी। इसी तरह उदयपुर से असारवा के बीच दूसरी रेलगाड़ी संख्या 19703 प्रतिदिन उदयपुर से शाम 5 बजे रवाना होकर रात 11 बजे असारवा पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 19704 असारवा से सुबह 6.30 बजे रवाना होकर दोपहर 12.30 बजे उदयपुर पहुंचेगी। उपरोक्त दोनों ट्रेनों का ठहराव उदयपुर सिटी स्टेशन के अलावा उमरडा, जावर, जयसमंद रोड, सेमारी, ऋषभदेव रोड, डूंगरपुर, बिछीवाड़ा, शामलाजी रोड, हिम्मतनगर, प्रांजित, तालोद, नाडोल, देहगाम, नरोड़ा, सरदारग्राम पर होगा।
रेलवे सूत्रों के अनुसार इस नई रेल लाइन पर जयपुर से असारवा वाया उदयपुर के रूप में भी एक रेलगाड़ी को मंजूरी मिली है। इसके तहत गाड़ी संख्या 12981 जयपुर से शाम 7.35 पर रवाना होकर अगले दिन सुबह 8.45 पर असारवा पहुंचेगी। यही रेलगाड़ी संख्या 12982 असारवा से शाम 6.45 पर रवाना होकर सुबह 7.45 पर जयपुर पहुंचेगी। इस रेलगाड़ी का ठहराव फुलेरा जंक्शन, किशनगढ़, अजमेर, नसीराबाद, भीलवाड़ा, चंदेरिया, मावली जंक्शन, राणाप्रताप नगर, उदयपुर, जावर, डूंगरपुर, शामलाजी रोड, हिम्मतनगर, नाडोल, दहेगांव और सरदारग्राम में रहेगा।
What's Your Reaction?