पश्चिम बंगाल: टीएमसी से हारकर भी फायदे में भाजपा? 2018 चुनाव के आंकड़े देखिए
<p><em><strong>पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में विभिन्न पार्टियों द्वारा मतदान में छेड़छाड़ और हिंसा के आरोप लगाए जाने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने सोमवार को 696 सीट के लिए दोबारा मतदान कराया, जो कुल मिलाकर शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। कलकत्ता उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद चुनाव और मतगणना के दिन केंद्रीय बलों की तैनाती की गई। सोमवार को हुए पुनर्मतदान के दौरान शाम पांच बजे तक 69.85 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। </strong></em></p>
पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने एक बार फिर अपना वर्चस्व कायम रखा है। कई सीटों पर पार्टी ने जीत हासिल कर ली है और बाकियों पर बढ़त बनाई हुई है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पंचायत चुनाव में खुद को दूसरे नंबर पर स्थापित किया है। हालांकि, टीएमसी के मुकाबले भाजपा काफी पीछे है, लेकिन इस बार पार्टी ने पिछले पंचायत चुनाव की तुलना में काफी बेहतर किया है। भाजपा ने 2018 के चुनावों में सिर्फ 5779 सीटों पर ही जीत हासिल की थी, जबकि 2023 में अब तक 8200 से अधिक सीटों पर पार्टी अपना झंडा लहरा चुकी है। अभी 25 फीसदी सीटों की गिनती होनी बाकी है, जो कि बुधवार को सुबह 8 बजे से की जा रही है।
पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के घोषित नतीजों के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस अपने वर्चस्व को कायम रखती दिख रही है। दो साल पहले तृणमूल ने विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की थी। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) द्वारा मंगलवार रात 11ः30 बजे तक घोषित नतीजों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने 30,391 सीट पर जीत दर्ज कर ली है जबकि वह 1,767 सीट पर बढ़त बनाए हुए थी।
8200 से अधिक सीटों पर भाजपा की जीत
वहीं, तृणमूल कांग्रेस की निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 8,239 सीट पर जीत दर्ज की है, जबकि वह 447 सीट पर बढ़त बनाए हुए थी। राज्य में कुल 63,299 ग्राम पंचायत सीट के लिए मतदान कराया गया है। घोषित नतीजों के मुताबिक, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने 2,534 सीट पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने 2,158 सीट पर जीत दर्ज की है तथा 151 अन्य सीट पर उसके प्रत्याशी आगे चल रहे थे।
2600 से ज्यादा सीटों पर टीएमसी का कब्जा
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस 2,612 पंचायत समिति सीट जीत चुकी है और 627 अन्य पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा ने अबतक पंचायत समिति की 275 सीट जीत ली हैं, जबकि 149 सीट पर आगे चल रही है। माकपा ने 63 सीट पर जीत दर्ज की है और 53 अन्य पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस ने 50 सीट जीत ली हैं। राज्य की 9,728 पंचायत समिति सीट के लिए मतदान कराया गया था।
तृणमूल कांग्रेस ने अब तक घोषित जिला परिषद की सभी 88 सीट पर जीत दर्ज की है और 163 अन्य पर आगे चल रही है, जबकि माकपा ने चार सीट पर, कांग्रेस ने दो सीट पर तथा भाजपा ने 13 सीट पर बढ़त बनाई हुई है। राज्य में कुल 928 जिला परिषद सीट है।
कोर्ट के कहने पर सुरक्षा बल
विभिन्न पार्टियों द्वारा मतदान में छेड़छाड़ और हिंसा के आरोप लगाए जाने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने सोमवार को 696 सीट के लिए दोबारा मतदान कराया जो कुल मिलाकर शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। कलकत्ता उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद चुनाव और मतगणना के दिन केंद्रीय बलों की तैनाती की गई। सोमवार को हुए पुनर्मतदान के दौरान शाम पांच बजे तक 69.85 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शनिवार को संपन्न पंचायत चुनाव में मतदान 80.71 प्रतिशत रहा।
What's Your Reaction?