व्हाट्सएप भारत को तगड़ा झटका, हेड और मेटा डायरेक्टर ने कहा अलविदा, व्हाट्सएप ने दिया उन की सेवाओं के लिए धन्यवाद
<p><em><strong>व्हाट्सएप और इसकी पेरेंट कंपनी मेटा से मंगलवार, 15 नवंबर को दो बड़े इस्तीफे दिये गये। व्हाट्सएप इंडिया के हेड अभिजीत बोस और साथ ही मेटा इंडिया के पब्लिक पॉलिसी डायरेक्टर राजीव अग्रवाल ने भी अपना पद छोड़ दिया है । इस बात की जानकारी खुद कंपनी ने आधिकारिक बयान में दी है ।</strong></em></p>
एलन मस्क द्वारा ट्विटर अधिग्रहण के बाद सोशल मीडिया जगत में छंटनी का दौर शुरू हो गया है। मेटा ने पिछले हफ्ते ही अपने 11 हजार कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया था। वहीं, अब भारत से भी बड़ी खबर सामने आई है। व्हाट्सएप इंडिया के हेड अभिजीत बोस और मेटा इंडिया के पब्लिक पॉलिसी डायरेक्टर राजीव अग्रवाल ने अपना पद त्याग दिया है |
व्हाट्सएप ने दिया धन्यवाद
व्हाट्सएप के प्रमुख विल कैथकार्ट ने अभिजीत बोस को भारत में के पहले प्रमुख के रूप में उनके "जबरदस्त योगदान" के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अभिजीत के उद्यमशीलता अभियान ने हमारी टीम को नई सेवाएं प्रदान करने में मदद की, जिससे लाखों लोगों और व्यवसायों को लाभ हुआ है। व्हाट्सएप भारत के लिए बहुत कुछ कर सकता है और हम भारत के डिजिटल परिवर्तन को आगे बढ़ाने में मदद करने के लिए उत्साहित हैं।"
वहीं अभिजीत बोस ने भी लिंक्डइन पर अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि वे अपनी अगली नौकरी को लेकर "बेहद उत्साहित" हैं। उन्होंने कहा, "एक छोटे से ब्रेक के बाद, मैं उद्यमशीलता की दुनिया में फिर से शामिल होने की योजना बना रहा हूं।
राजीव अग्रवाल के बारे में विल कैथकार्ट ने बताया कि वह नये अवसर की तलाश में इस्तीफा दे रहे हैं | मेटा के लिए ये इस्तीफे वैसे किसी झटके से कम नहीं हैं | इसी महीने तीन नवंबर को मेटा इंडिया के भारतीय प्रमुख अजीत मोहन ने इस्तीफा दे दिया था। वह चार साल तक मेटा से जुड़े रहे थे । जानकारी आई थी कि अजीत मोहन मेटा के प्रतिद्वंद्वी स्नैप इंडिया को ज्वाइन करने वाले हैं।
शिवनाथ ठुकराल ने संभाला मेटा इंडिया में नये डायरेक्टर का पद
व्हाट्सएप के प्रमुख विल कैथकार्ट ने प्रेस नोट जारी कर जानकारी देते हुए बताया कि शिव ठुकराल को मेटा का पब्लिक पॉलिसी डायरेक्टर नियुक्त किया जा रहा है। वे अब तक सिर्फ व्हाट्सएप इंडिया के पब्लिक पॉलिसी डायरेक्टर थे लेकिन अब मेटा इंडिया के पब्लिक पॉलिसी डायरेक्टर बनने के बाद वे फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप तीनों के प्रमुख होंगे।
अमेजन भी कर सकती है जल्द ही छंटनी
बता दें कि दुनिया में मंदी का असर देखा जाने लगा है। एक के बाद एक बड़ी कंपनियां छंटनी कर रही हैं। सोमवार को खबर उड़ रही है कि अब अमेजन इस सप्ताह जल्द से जल्द 10,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल सकती है। कंपनी इस कदम के पीछे लाभ कमाने में फेल रहने का हवाला दिया है। अगर छंटनी की कुल संख्या 10 हजार के आसपास रहती है, तो यह अमेज़न के इतिहास में सबसे बड़ी छंटनी होगी।
What's Your Reaction?