एशियाई खेलों में तब तक भाग नहीं लेंगे जब तक सभी मुद्दे नहीं सुलझ जाते'- साक्षी मलिक ने दिया बड़ा बयान
<p><em>पहलवान साक्षी मलिक ने मीडिया से बात करते हुए कहा है, ‘हम एशियाई खेलों में तभी भाग लेंगे जब इन सभी मुद्दों का समाधान हो जाएगा। ’ वहीँ सोनीपत पंचायत में पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा, "15 जून तक सरकार ने हमारी बातें नहीं मानी तो फिर जंतर मंतर पर जायेंगे"</em></p>
बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों का हल्ला बोल अभी ख़त्म नहीं हुआ है। वे पहलवान बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। इस बीच साक्षी मलिक का बड़ा बयान सामने आया है। साक्षी मलिक ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘हम एशियाई खेलों में तभी भाग लेंगे जब इन सभी मुद्दों का समाधान हो जाएगा। ’ साक्षी मलिक ने आगे कहा कि आपको इस बात का अंदाजा भी नहीं हैं कि हम हर दिन किस मानसिक रूप से गुजर रहे हैं।
#WATCH | "We will participate in Asian Games only when all these issues will be resolved. You can't understand what we're going through mentally each day": Wrestler Sakshee Malikkh in Sonipat pic.twitter.com/yozpRnYQG9— ANI (@ANI) June 10, 2023
इस बीच हरियाणा के सोनीपत में आज शनिवार को इस मुद्दे पर महापंचायत हुई। इस मौके पर सोनीपत महापंचायत स्थल पहुंचे पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा कि सरकार के साथ जो बातचीत हम करके आए हैं उसे हम अपने बीच में ही रखेंगे। जो हमारे समर्थन में खड़ी हैं, चाहे वह कोई संगठन हो या खाप पंचायत हो उनके सामने हम यह बातचीत रखेंगे। 15 जून तक सरकार ने हमारी बातें नहीं मानी तो फिर जंतर मंतर पर जायेंगे |
इससे पहले, बुधवार (7 जून) को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने विरोध प्रदर्शन पर चर्चा करने के लिए पहलवानों को आमंत्रित किया था। अनुराग ठाकुर से मुलाकात के बाद पहलवानों ने कहा था कि वह कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 15 जून तक कोई प्रदर्शन नहीं करेंगे।
सरकार ने पहलवानों को 15 जून तक चार्जशीट फाइल हो जाने का भरोसा दिया। साक्षी मलिक ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें बताया गया था कि पुलिस जांच 15 जून तक पूरी हो जायेगी। तब तक हमें इंतजार करने और विरोध स्थगित करने के लिए कहा गया है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस पहलवानों के खिलाफ 28 मई को दर्ज प्राथमिकी भी वापस लेगी। ’’
साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया दोनों ने कहा कि उनका आंदोलन अभी खत्म नहीं हुआ है और उन्होंने सरकार के अनुरोध पर ही अपना विरोध 15 जून तक स्थगित किया है।
What's Your Reaction?