'मैं कभी माफ़ी नहीं मांगूंगी': 'ऑपरेशन सिंदूर' पोस्ट के बाद ट्रोल्स को सेलिना जेटली का करारा जवाब
अभिनेत्री सेलिना जेटली, जो इन दिनों ऑस्ट्रिया में हैं, ने भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना करते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' की प्रशंसा की। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच उन्होंने लिखा कि "समय क्षेत्रों और सुर्खियों के बीच मेरा दिल बेचैन है।" उन्होंने न सिर्फ भारतीय सेना के समर्पण को सलाम किया ..
मुंबई। अभिनेत्री सेलिना जेटली, जो इन दिनों ऑस्ट्रिया में हैं, ने भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना करते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' की प्रशंसा की। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच उन्होंने लिखा कि "समय क्षेत्रों और सुर्खियों के बीच मेरा दिल बेचैन है।" उन्होंने न सिर्फ भारतीय सेना के समर्पण को सलाम किया बल्कि सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करने वालों को भी दो टूक जवाब दिया।
सेलिना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "जो लोग मुझे अनफॉलो कर रहे हैं या धमकी दे रहे हैं क्योंकि मैं अपने देश के लिए बोलती हूं – ध्यान से पढ़ें: मैं कभी माफ़ी नहीं मांगूंगी अपने देश के साथ खड़े होने के लिए। मैं कभी चुप नहीं रहूंगी जब मासूम जानें आतंक के नाम पर ली जाएंगी।"
उन्होंने आगे लिखा, "मैं हर उस मासूम की मौत का शोक मनाती हूं, जो किसी भी सरहद के उस पार हो। लेकिन मैं कभी उन लोगों के साथ खड़ी नहीं हो सकती जो हिंसा को जायज़ ठहराते हैं या उसका महिमामंडन करते हैं। अगर मेरा भारत के प्रति प्रेम आपको आहत करता है, अगर आतंक के ख़िलाफ़ मेरी आवाज़ आपको डराती है, तो मुझे गर्व से अनफॉलो कीजिए – आप कभी भी इस राह के साथी नहीं थे। मैं शांति के लिए बोलती हूं। मैं सत्य के लिए खड़ी हूं। और मैं हमेशा अपने सैनिकों के साथ खड़ी हूं – वे बिना आपके नाम या धर्म पूछे हमें सुरक्षित रखते हैं।"
सेलिना ने ट्रोल्स को जवाब देते हुए यह भी कहा, "इसलिए मैं बिना डर और बिना इजाज़त के बोलूंगी। ट्रोल्स और धमकियों के लिए: मैं तुम्हें देख रही हूं। मैं तुम्हें माफ़ करती हूं। मैं तुमसे ऊपर उठ चुकी हूं। जय हिंद। कुमाऊं रेजीमेंट की बेटी।"
ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ़
इससे पहले, सेलिना जेटली ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में भारतीय सेना की वीरता की भी तारीफ़ की थी। उन्होंने लिखा, "ऑस्ट्रिया में हूं, लेकिन नींद दूर है। आज रात नींद एक लग्ज़री जैसी लगती है, क्योंकि मेरे वतन में शांति पर हमला हुआ है। मेरा दिल बेचैन है – समय क्षेत्रों और हेडलाइन्स के बीच फंसा हुआ। मैं भले ही दूर हूं, लेकिन मेरी आत्मा भारत के साथ खड़ी है। हमारे बहादुर भारतीय सैनिकों को धन्यवाद – आप हमारे और अराजकता के बीच ढाल बनकर खड़े हैं। आपकी बहादुरी सिर्फ युद्ध में नहीं है, बल्कि हर एक मौन बलिदान में, हर ठंडी रात में, हर डगमगाते क़दम में है जो आप हमारे देश की रक्षा के लिए उठाते हैं। हम यहां सुरक्षित सांस ले पा रहे हैं, क्योंकि आप अडिग खड़े हैं।"
क्या है 'ऑपरेशन सिंदूर'?
ऑपरेशन सिंदूर अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई, के जवाब में शुरू किया गया था। भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल स्ट्राइक की। सेना के मुताबिक यह हमले बहुत सतर्कता से और गैर-आक्रामक नीति के तहत किए गए और इसमें किसी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया।
What's Your Reaction?