'गैरजिम्मेदाराना और खेदजनक': विदेश मंत्रालय ने पीएम मोदी की विदेश यात्रा पर मान के तंज का जवाब दिया.. कहा कि 'राज्य के किसी उच्च पदाधिकारी को शोभा नहीं देता'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की आलोचना को विदेश मंत्रालय (MEA) ने 'गैरजिम्मेदाराना और खेदजनक' करार दिया है और कहा है कि ऐसे बयान राज्य के किसी उच्च पदाधिकारी को शोभा नहीं देते..
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की आलोचना को विदेश मंत्रालय (MEA) ने 'गैरजिम्मेदाराना और खेदजनक' करार दिया है और कहा है कि ऐसे बयान राज्य के किसी उच्च पदाधिकारी को शोभा नहीं देते।
विदेश मंत्रालय ने मान का नाम लिए बिना कहा कि भारत सरकार, मित्र देशों के साथ भारत के संबंधों को कमजोर करने वाले 'अनुचित' बयानों से स्वयं को अलग करती है।
भगवंत मान ने हाल ही में प्रधानमंत्री की ब्राजील, घाना, त्रिनिडाड और टोबैगो सहित पांच देशों की यात्रा पर तंज कसते हुए उनकी आलोचना की थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने कहा, "हमने एक राज्य के उच्च पदाधिकारी द्वारा ग्लोबल साउथ के मित्र देशों के साथ भारत के संबंधों को लेकर कुछ टिप्पणियाँ देखी हैं। ये टिप्पणियाँ गैरजिम्मेदाराना और खेदजनक हैं और किसी राज्य प्राधिकरण को शोभा नहीं देतीं।"
उन्होंने आगे कहा, "भारत सरकार ऐसे अनुचित बयानों से खुद को अलग करती है, जो मित्र देशों के साथ भारत के संबंधों को कमजोर करते हैं।"
मोदी पर मान के तंज
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 11 जुलाई को पंजाब में कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री जी घाना गए हैं? क्या वे घाना से वापस आ गए हैं? क्या आज वापस आएंगे? वे जब लौटेंगे तब उनका स्वागत किया जाएगा।"
उन्होंने कहा, "पता नहीं वे कौन-कौन से देश.. मैग्नेशिया, गैल्वेशिया, टार्वेशिया — जा रहे हैं। लेकिन, वे उस देश में नहीं रुकते जहां 140 करोड़ लोग रहते हैं। जिन देशों में वे जा रहे हैं वहां की जनसंख्या 10,000 है। और उन्हें वहां सबसे बड़ा अवॉर्ड मिल गया। यहां हमारे देश में तो 10,000 लोग सिर्फ जेसीबी मशीन देखने इकट्ठा हो जाते हैं।"
मान ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, "जेसीबी चल रही है, जेसीबी ओए!"
यह कहकर उन्होंने उस भीड़ का जिक्र किया जो आमतौर पर जेसीबी मशीन के काम करते समय इकट्ठा हो जाती है।
उन्होंने यह भी कहा, "प्रधानमंत्री ने 11 साल में एक भी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की है।"
यह विवाद तब बढ़ा जब मान के इन बयानों को लेकर विदेश मंत्रालय ने सार्वजनिक प्रतिक्रिया दी और भारत सरकार ने स्पष्ट किया कि वह ऐसी टिप्पणियों से स्वयं को पूरी तरह अलग करती है।
What's Your Reaction?