सुपर ओवर के रोमांच में श्रीलंका ए ने भारत ए को हराया, वैभव सूर्यवंशी की मैदान पर हुई तीखी बहस
दांबुला में खेले गए त्रिकोणीय सीरीज के बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत ए को सुपर ओवर में श्रीलंका ए के हाथों करीबी हार का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए की टीम 49.2 ओवर में 265 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में श्रीलंका ए ने निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर ठीक 265 रन बनाए और मुकाबला टाई हो गया,..
दांबुला में खेले गए त्रिकोणीय सीरीज के बेहद रोमांचक मुकाबले में भारत ए को सुपर ओवर में श्रीलंका ए के हाथों करीबी हार का सामना करना पड़ा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए की टीम 49.2 ओवर में 265 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में श्रीलंका ए ने निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर ठीक 265 रन बनाए और मुकाबला टाई हो गया, जिसके बाद विजेता का फैसला सुपर ओवर से हुआ। हालांकि मैदान पर फ्लडलाइट की सुविधा नहीं थी लेकिन दोनों टीमों के कप्तानों की सहमति से सुपर ओवर कराया गया।
सुपर ओवर में श्रीलंका ए की ओर से सुशन अराच्चिगे और अविष्का फर्नांडो बल्लेबाजी करने उतरे, जबकि भारत की ओर से गेंदबाजी की जिम्मेदारी अरशद खान ने संभाली। अरशद ने शुरुआती तीन गेंदों पर केवल पांच रन दिए। चौथी गेंद पर तीन रन बने, जबकि पांचवीं गेंद पर अविष्का ने छक्का जड़ दिया। छठी गेंद पर बल्लेबाज कैच आउट हुआ लेकिन उसे नो-बॉल करार दिया गया। अतिरिक्त गेंद पर श्रीलंका ए ने एक रन लेकर सुपर ओवर में कुल 16 रन बनाए और भारत ए के सामने 17 रन का लक्ष्य रखा।
भारत ए की ओर से सूर्यांश शेडगे और वैभव सूर्यवंशी ने सुपर ओवर की शुरुआत की। श्रीलंकाई गेंदबाज कुगाथास माथुलान ने भारतीय बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और पहली तीन गेंदों पर सिर्फ तीन रन दिए। चौथी गेंद पर दो रन और पांचवीं गेंद पर चौका जरूर आया लेकिन आखिरी गेंद पर भारत कोई रन नहीं बना सका और श्रीलंका ए ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
वैभव सूर्यवंशी की मैदान पर खिलाड़ियों से तीखी नोकझोंक
श्रीलंका ए की जीत के बाद उसके खिलाड़ी मैदान पर जोरदार जश्न मनाने लगे। इसी दौरान कुछ श्रीलंकाई खिलाड़ियों और वैभव सूर्यवंशी के बीच कहासुनी होती दिखाई दी। वैभव ने भी जवाब दिया, जिसके बाद उनकी एक श्रीलंकाई खिलाड़ी से तीखी बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों खिलाड़ी आमने-सामने आ गए। स्थिति को संभालने के लिए सूर्यांश शेडगे समेत दोनों टीमों के अन्य खिलाड़ियों को बीच-बचाव करना पड़ा। टीवी प्रसारण में यह भी देखा गया कि अलग किए जाने के बाद भी वैभव अपनी नाराजगी जाहिर करते रहे।
टाई के फैसले पर तिलक वर्मा ने अंपायरों से किया सवाल
निर्धारित 50 ओवरों के खेल के समाप्त होने के बाद भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा श्रीलंका ए की पारी की अंतिम गेंद को लेकर अंपायरों से चर्चा करते नजर आए। आखिरी ओवर की अंतिम गेंद पर श्रीलंका ए को जीत के लिए दो रन चाहिए थे। अरशद खान की गेंद बल्लेबाज गुणसेकरा के पैड पर लगी। बल्लेबाजों ने एक रन पूरा किया और दूसरा रन लेने का प्रयास किया लेकिन रन आउट हो गए। इसके साथ ही स्कोर बराबर हो गया और मुकाबला टाई घोषित कर दिया गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, तिलक वर्मा का कहना था कि बल्लेबाज ने गेंद पर शॉट खेलने की कोशिश नहीं की थी। क्रिकेट के नियमों के अनुसार, यदि बल्लेबाज शॉट खेलने का प्रयास नहीं करता और गेंद उसके शरीर से टकराती है, तो लेग बाई रन दिए जाने के लिए कुछ विशेष शर्तें लागू होती हैं। हालांकि अंपायरों ने भारत की अपील स्वीकार नहीं की और मैच सुपर ओवर तक पहुंचा, जहां श्रीलंका ए ने जीत दर्ज कर ली।
What's Your Reaction?