पहलगाम हमले पर सेमिनार रद्द करने को लेकर केरल यूनिवर्सिटी के कुलपति विवादों में

केरल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. मोहनन कुन्नुम्मल द्वारा पहलगाम आतंकी हमले पर आयोजित एक सेमिनार को रद्द करने का निर्देश देने के बाद विश्वविद्यालय में विवाद खड़ा हो गया है..

पहलगाम हमले पर सेमिनार रद्द करने को लेकर केरल यूनिवर्सिटी के कुलपति विवादों में
15-05-2025 - 09:50 AM
22-04-2026 - 05:53 PM

तिरुवनंतपुरम। केरल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. मोहनन कुन्नुम्मल द्वारा पहलगाम आतंकी हमले पर आयोजित एक सेमिनार को रद्द करने का निर्देश देने के बाद विश्वविद्यालय में विवाद खड़ा हो गया है। कुलपति ने इसके विषयवस्तु और संभावित राजनीतिक प्रभावों का हवाला देते हुए यह निर्णय लिया।

यह सेमिनार 9 मई को तमिल विभाग द्वारा आयोजित किया जाना था और इसका उद्देश्य पहलगाम आतंकी हमले, उसमें हुई सुरक्षा चूक और इस घटना के आगामी बिहार चुनावों से कथित संबंधों की पड़ताल करना था। तमिल विभाग में आमतौर पर विभिन्न मुद्दों पर अकादमिक चर्चा होती रहती है, लेकिन इस बार विवाद तब शुरू हुआ जब एक शोधार्थी ने एक तमिल वेबसाइट का लेख विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया। इस लेख का शीर्षक था: पहलगाम हमला: राष्ट्रवादी उन्माद में डूबे सच”, जिसमें इस हमले के राजनीतिक उद्देश्यों की ओर इशारा किया गया था।

सेमिनार की जानकारी मिलने के बाद कुलपति ने रजिस्ट्रार को तुरंत कार्यक्रम रद्द करने का निर्देश दिया और तमिल विभागाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा। विभागाध्यक्ष ने बताया कि यह सेमिनार एक पीएचडी शोधार्थी की पहल थी, जिसने संबंधित लेख साझा किया था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उस छात्र को कारण बताओ नोटिस जारी किया, जिस पर उसने माफी मांग ली। इसके बाद तमिल विभाग ने सेमिनार का विषय ही हटा दिया।

लेकिन अगले ही दिन केरल यूनिवर्सिटी सिंडिकेट की बैठक में यह मामला और गंभीर हो गया। वामपंथी धड़े के सदस्यों ने कुलपति पर आरोप लगाया कि वे इस मुद्दे को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं। उनका कहना था कि शोधार्थी ने वह लेख "ऑपरेशन सिंदूर" (काउंटर-टेररिज़्म ऑपरेशन) से पहले ही साझा किया था, जिससे कुलपति की मंशा पर सवाल उठते हैं। वहीं, सिंडिकेट में बीजेपी के सदस्यों ने वामपंथी धड़े के आरोपों का विरोध किया।

इस विवाद ने तब और तूल पकड़ा जब एसएफआई (स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया)जो मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की छात्र इकाई है — ने कुलपति पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने का आरोप लगाया। एसएफआई ने बयान जारी कर कहा:
मोहनन कुन्नुम्मल आरएसएस की राजनीति को बढ़ावा देने में अधिक रुचि रखते हैं। यह कैसी स्थिति है जब आरएसएस के एजेंट हमें देशभक्ति का प्रमाण पत्र देने लगे हैं?”
उन्होंने कुलपति पर छात्रों को राष्ट्रविरोधी साबित करने की कोशिश करने और छात्र स्वायत्तता को कमजोर करने का आरोप लगाया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।