'मुझे बहुत खुशी हुई': फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने हिंदी में पीएम मोदी को कहा अलविदा, अगले साल भारत आने का किया ऐलान

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस यात्रा के समापन पर हिंदी में एक भावुक संदेश देकर भारत-फ्रांस मित्रता को नई ऊंचाई दी। वीडियो संदेश में मैक्रों ने न सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का स्वागत किया बल्कि अगले वर्ष फरवरी में भारत आने की घोषणा भी..

'मुझे बहुत खुशी हुई': फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने हिंदी में पीएम मोदी को कहा अलविदा, अगले साल भारत आने का किया ऐलान
19-06-2026 - 09:13 AM

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस यात्रा के समापन पर हिंदी में एक भावुक संदेश देकर भारत-फ्रांस मित्रता को नई ऊंचाई दी। वीडियो संदेश में मैक्रों ने न सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का स्वागत किया, बल्कि अगले वर्ष फरवरी में भारत आने की घोषणा भी की।

मैक्रों ने हिंदी में कहा, "प्रिय मित्र नरेंद्र मोदी, मुझे बहुत खुशी हुई… मैं आपके इस दौरे का स्वागत करता हूं। फ्रांस और भारत की दोस्ती अमर रहे।"

हिंदी में अपनी बात समाप्त करने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी दोस्ती के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, "आशा करता हूं कि मैंने सही कहा। प्रिय मित्र प्रधानमंत्री मोदी, हमारी दोस्ती के लिए मैं आपका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। फ्रांस आपसे प्यार करता है। मैं अगले साल फरवरी में आपसे मिलने भारत आऊंगा।"

जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे थे। दो दिनों तक चले इस सम्मेलन में उन्होंने वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।

नीस में मैक्रों और मोदी के बीच हुई अहम बैठक

14 जून को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच नीस स्थित विला केरलोस में द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस वर्ष भारत और फ्रांस के संबंधों को 'विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी' (Special Global Strategic Partnership) का दर्जा मिलने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात थी।

बैठक में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने रक्षा सहयोग में हुई उल्लेखनीय प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और सह-डिजाइन, सह-विकास तथा सह-उत्पादन के माध्यम से रक्षा प्लेटफॉर्म और उन्नत तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई।

अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर

दोनों नेताओं ने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत और फ्रांस के लंबे सहयोग की सराहना की और मानव अंतरिक्ष उड़ान (ह्यूमन स्पेसफ्लाइट) तथा स्पेस सिचुएशनल अवेयरनेस जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। इसके साथ ही निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

स्टार्टअप्स और नई तकनीकों का लिया जायजा

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने विवाटेक 2026 (VivaTech 2026) कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों के स्टार्टअप्स से मुलाकात की और अत्याधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों का अवलोकन किया।

मैक्रों का हिंदी में दिया गया संदेश दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों और व्यक्तिगत स्तर पर दोनों नेताओं के बीच विकसित हुई मित्रता का प्रतीक माना जा रहा है। साथ ही अगले वर्ष उनकी प्रस्तावित भारत यात्रा से भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।