शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राउत का बयान, महाराष्ट्र में भाजपा का शासन औरंगज़ेब के ज़माने से भी बदतर
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा का शासन औरंगज़ेब के दौर से भी ज़्यादा खराब है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में किसानों की आत्महत्याओं के लिए भाजपा की सरकार जिम्मेदार है।
मुंबई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा का शासन औरंगज़ेब के दौर से भी ज़्यादा खराब है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में किसानों की आत्महत्याओं के लिए भाजपा की सरकार जिम्मेदार है।
राउत ने कहा कि राज्य में किसान, बेरोज़गार युवक और महिलाएं आत्महत्या कर रहे हैं, और इसके पीछे औरंगज़ेब नहीं बल्कि मौजूदा सरकार है।
उन्होंने कहा, "औरंगज़ेब को दफनाए हुए 400 साल हो गए हैं, उसे भूल जाइए। क्या महाराष्ट्र में किसान औरंगज़ेब के कारण आत्महत्या कर रहे हैं? नहीं, वे आपके कारण ऐसा कर रहे हैं।"
संजय राउत ने सवाल किया कि यदि कभी मुग़ल शासक औरंगज़ेब ने अत्याचार किए थे, तो अब की सरकार क्या कर रही है?
उन्होंने कहा, "किसान आत्महत्या कर रहे हैं। भाजपा का कार्यकाल औरंगज़ेब के शासन से भी बदतर है।"
यह बयान राउत ने तब दिया जब उनसे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया मांगी गई जिसमें उन्होंने कहा था कि "हर कोई मानता है कि छत्रपति संभाजीनगर (पुराना नाम: औरंगाबाद) में स्थित औरंगज़ेब की कब्र हटाई जानी चाहिए", लेकिन चूँकि पिछली कांग्रेस सरकार ने इस स्थल को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के संरक्षण में रखा था, इसलिए यह कानूनी दायरे में ही संभव होगा।
इससे पहले भाजपा के सांसद उदयनराजे भोसले, जो छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज हैं, उन्होंने भी औरंगज़ेब की कब्र को हटाने की मांग की थी।
औरंगज़ेब को महाराष्ट्र में मराठाओं के खिलाफ युद्ध और छत्रपति संभाजी महाराज को पकड़वाकर यातना देने और उनकी हत्या करवाने के लिए याद किया जाता है।
What's Your Reaction?