BJP और RSS ने महात्मा गांधी के प्रपौत्र की गिरफ्तारी की मांग की, तुषार गांधी बोले – न बयान वापस लूंगा, न माफी मांगूंगा

महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी ने शुक्रवार को कहा कि वह हाल ही में RSS और BJP के खिलाफ दिए गए अपने बयानों को न तो वापस लेंगे और न ही उसके लिए माफी मांगेंगे। वहीं बीजेपी और आरएसएस ने उनके बयानों को लेकर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।

BJP और RSS ने महात्मा गांधी के प्रपौत्र की गिरफ्तारी की मांग की, तुषार गांधी बोले – न बयान वापस लूंगा, न माफी मांगूंगा
15-03-2025 - 06:34 PM
22-04-2026 - 05:53 PM

नयी दिल्ली। महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी ने शुक्रवार को कहा कि वह हाल ही में RSS और BJP के खिलाफ दिए गए अपने बयानों को न तो वापस लेंगे और न ही उसके लिए माफी मांगेंगे। वहीं बीजेपी और आरएसएस ने उनके बयानों को लेकर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।

हाल ही में केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के नेय्याटिंकारा में दिवंगत गांधीवादी नेता पी. गोपीनाथन नायर की प्रतिमा के अनावरण के दौरान तुषार गांधी ने BJP और RSS को "खतरनाक और कपटी दुश्मन" बताया था जो केरल में "घुसपैठ कर चुके हैं।"
उन्होंने RSS को "ज़हर" भी कहा था। इसके बाद बीजेपी-आरएसएस कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी की और उनकी कार को रोकने की कोशिश की।

शुक्रवार को कोच्चि के पास अलुवा में एक कार्यक्रम में तुषार गांधी ने कहा:
"
मैंने जो कहा, वो कहा। अब उसे न तो वापस लूंगा और न ही माफी मांगूंगा। इस घटना ने मेरे संकल्प को और मज़बूत किया है कि मैं इन गद्दारों को बेनकाब करता रहूं। यह लड़ाई स्वतंत्रता संग्राम से भी ज़्यादा ज़रूरी है। हमारा एक साझा दुश्मन है — संघ। उसे बेनकाब करना ही होगा।"

उन्होंने आगे कहा,
"
मुझे डर है कि मेरे परदादा के हत्यारों की औलादें अब महात्मा गांधी की मूर्ति पर गोलियां चला देंगी, क्योंकि वे इस प्रकार की हरकतों के आदी हैं।"

इस पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा कि तुषार गांधी सिर्फ "संयोगवश महात्मा गांधी के वंशज" हैं और वे गांधीजी के नाम को 'मुनाफे का ज़रिया' बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता वी. मुरलीधरन ने नेय्याटिंकारा में तुषार गांधी के विरोध में आयोजित एक प्रदर्शन में कहा:
"
तुषार गांधी कई वर्षों से महात्मा गांधी के नाम का व्यावसायीकरण करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में बुलाने वालों को शायद उनके पृष्ठभूमि की जानकारी नहीं थी।"
उन्होंने कहा,
"
सिर्फ गांधी नाम रखने से कोई व्यक्ति राष्ट्रपिता जैसा सम्मान पाने का हकदार नहीं हो जाता।"

मुरलीधरन ने तुषार गांधी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि बीजेपी ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

बीजेपी नेता ने केरल की पिनाराई विजयन सरकार की आलोचना करते हुए यह भी कहा कि संघ-बीजेपी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, जबकि वे केवल नारेबाजी कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, RSS से जुड़े लोगों के एक छोटे समूह ने बुधवार शाम नेय्याटिंकारा में तुषार गांधी द्वारा संबोधित कार्यक्रम के बाद उनके खिलाफ नारेबाजी की थी। इसके चलते पाँच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189(2), 191(2), 190 और 126(2) के तहत ग़ैरक़ानूनी जमावड़ा, दंगा और अवैध रूप से रोकने के आरोप में मामला दर्ज किया गया।

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा,
"
तुषार गांधी पर हुआ कथित 'संघ परिवार का हमला' लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने वाली हर कोशिश अस्वीकार्य है।"

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।