अमेरिका के अलबामा में नाइट्रोजन गैस सुंघाकर दी गई मौत की सजा, पहली बार इस्तेमाल किया गया ये तरीका
<p>मौत की सजा पाए स्मिथ नाम के शख्स को अलमाबा जेल में रात करीब साढ़े आठ बजे सजा दी गई। अमेरिका में मौत की सजा पाए अपराधी को 1982 के बाद से जहर का इंजेक्शन देकर मारने का प्रावधान शुरू किया गया था। अमेरिका में अभी तक मृत्युदंड देने के लिए यही तरीका अपनाया जाता है। ये पहली बार है जब नाइट्रोजन सुंघाकर मौत की सजा दी गई है।</p>
अलबामा ने हत्या के एक मामले के दोषी को अपनी तरह का पहला तरीका अपनाते हुए नाइट्रोजन गैस सुंघाकर मृत्युदंड दिया। इसी के साथ अमेरिका में मृत्युदंड को लेकर बहस फिर से छिड़ गई है। राज्य प्रशासन का कहना है कि यह नया तरीका मानवीय है लेकिन आलोचकों ने इसे क्रूर और प्रयोगात्मक बताया है। अधिकारियों ने बताया कि 58 वर्षीय केनेथ यूजीन स्मिथ को एक फेस मास्क के जरिए बृहस्पतिवार को नाइट्रोजन गैस सुंघाई गई, जिसके कारण शरीर में ऑक्सीजन की कमी से उसकी मौत हुई। स्मिथ को अलमाबा जेल में रात आठ बजकर 25 मिनट पर मृत घोषित कर दिया गया।
अमेरिका में 1982 के बाद से घातक इंजेक्शन देकर मौत की सजा देने का प्रावधान शुरू हुआ था और तभी से मृत्युदंड देने के लिए आमतौर पर यही तरीका अपनाया जाता है। अमेरिका में नाइट्रोजन सुंघाकर मौत की सजा देने का यह पहला मामला है। राज्य ने एक व्यक्ति से सुपारी लेकर उसकी पत्नी की हत्या करने के 1988 के मामले में दोषी स्मिथ को 2022 में भी मृत्युदंड देने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय किसी तकनीकी समस्या के कारण इसे अंत समय पर रोक दिया गया था।
अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी थी स्मिथ की अर्जी
नए तरीके से सजा दिए जाने के खिलाफ कानूनी लड़ाई हार जाने के बाद स्मिथ को नाइट्रोजन सुंघाकर मृत्युदंड दिया गया। स्मिथ के वकीलों ने दावा किया था कि राज्य सजा के ऐसे तरीके का प्रयोग करने के लिए उसे परीक्षण वस्तु की तरह इस्तेमाल कर रहा है जो दंड देने के क्रूर एवं असामान्य तरीके पर संवैधानिक प्रतिबंध का उल्लंघन कर सकता था। अमेरिकी उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार रात स्मिथ की इस याचिका को खारिज कर दिया।
What's Your Reaction?