एशिया कप सुपर-4 : पाकिस्तान से भारत हारा जरूर पर उम्मीदें अब भी जिंदा, जीतने होंगे अगले दोनों मैच
एशिया कप टी-20 क्रिकेट के सुपर-4 मुकाबले के पहले मैच में भारत को पाकिस्तान के विरुद्ध हार का मुंह जरूर देखना पड़ा लेकिन उम्मीदें अभी खत्म नहीं हुई हैं। भारत को एशिया कप के फाइनल में खेलने के लिए श्रीलंका और अफगानिस्तान दोनों के विरुद्ध अपने मैचों को जीतना होगा। फाइनल 11 सितंबर को खेला जाएगा।
रविवार को पाकिस्तान के विरुद्ध खेले गये महा मुकाबले में भारतीय टीम 7 विकेट खोकर 181 रन बनाये थे और पाकिस्तान को जीत के लिए 20 ओवरों में 182 रनों की चुनौती दी थी। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। कप्तान रोहित शर्मा (28) और उप कप्तान के.एल. राहुल (28) ने 5.1 ओवरों में शानदार 54 रन जोड़कर जोरदार शुरुआत दिलाई। एशिया कप से पहले विराट कोहली की बल्लेबाजी फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई थी लेकिन ऐसा लगता है कि अब उन्होंने लय हासिल कर ली है। इस महत्वपूर्ण मैच में उन्होंने 60 रनों की पारी खेली।
कोहली के रन आउट होने से पहले सूर्य कुमार यादव (13), ऋषऊ पंत (14) और हार्दिक पंड्या (0) तो अपने विकेट फेंकते हुए नजर आए। हालांकि कोहली का साथ दीपक हुड्डा (16) ने जरूर ठीक से दिया। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने हालांकि अपना पहला विकेट बाबर आजम (14) के तौर पर जल्द ही खो दिया था। उन्हें रवि विश्नोई की गेंद पर कप्तान रोहित ने कैच किया। लेकिन, विकेटकीपर बल्लेबाज रिजवान (71) और नवाज (42) भारत की पकड़ से मैच को बहुत दूर ले गये। यद्यपि पाकिस्तान के विकेट गिरे लेकिन भारत की जीत के लिए नाकाफी रहे। अंततः पाकिस्तान ने एक गेंद शेष रहते पांच विकेट के नुकसान पर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया।
टूर्नामेंट में यह भारत की 8 साल में और रोहित शर्मा की कप्तानी में पहली हार रही। इसके अलावा जब-जब जीपक हुड्डा टीम में रहे हैं, भारत ने हमेशा जीत हासिल की है किंतु इस बार ऐसा नहीं हो सका। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत का कमजोर पक्ष उसकी गेंदबाजी है और वह इस मैच में दिखाई भी दिया। अगले मैचों के लिए भारत को इस विभाग में बहुत सुधार करना होगा।
What's Your Reaction?