गौतम अडानी के लिए नेटवर्थ मामले में अब बस जेफ बेजोस को पीछे छोड़ना रह गया..!
एशिया और भारत के सबसे बड़े रईस गौतम अडानी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। वे फरवरी में मुकेश अंबानी को पछाडक़र एशिया के सबसे बड़े रईस बने थे। अप्रेल में उनकी नेटवर्थ 100 अरब डॉलर को पार कर गई और पिछले महीने वे माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स को पछाडक़र दुनिया के अमीरों की लिस्ट में चौथे नंबर पर पहुंचे थे। हाल में वे फ्रांस के दिग्गज कारोबारी बर्नार्ड आरनॉल्ट को पछाडक़र तीसरे स्थान पर पहुंच गए। अब वे अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस के काफी करीब पहुंच गए हैं। दोनों की नेटवर्थ में सिर्फ छह अरब डॉलर का फासला रह गया है।
ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक 60 साल के अडानी की नेटवर्थ 143 अरब डॉलर पहुंच गई है। बेजोस 149 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क 244 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ इस लिस्ट में पहले स्थान पर हैं। इस साल अडानी की नेटवर्थ में 66.9 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। ऑयल और नेचुरल गैस की कीमतों में उछाल से अडानी की नेटवर्थ में उछाल आई है।
उल्का की तेजी से बढ़ी दौलत
अडानी ग्रुप के कुछ शेयरों में अप्रेल 2020 से 1000 फीसदी तक तेजी आई है। इसकी बदौलत अडानी की नेटवर्थ उल्का की स्पीड से बढ़ी है। वे दुनिया के अमीरों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंचने वाले एशिया के पहले शख्स हैं। मंगलवार को उनकी नेटवर्थ 2.04 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। अंबानी 92.1 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 10वें स्थान पर हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में मात्र 2.07 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।
What's Your Reaction?