राजस्थान में गर्मी-आंधी-बारिश: पेड़-बिजली के पोल गिरे, 6 जिलों में अलर्ट
<p><em><strong>मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अरब सागर में आए चक्रवात और राजस्थान-पंजाब सीमा पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से वातावरण में मॉइश्चर लेवल बढ़कर अधिकांश शहरों में 50 फीसदी से ऊपर आ गया है। इससे उमस बढ़ गई है। यह अगले 3-4 दिन में और बढ़ने की संभावना है।</strong></em></p>
राजस्थान में शनिवार को भी आंधी और बारिश का दौर जारी रहा। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में आंधी के साथ बारिश भी हुई। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। इससे पहले जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर में शुक्रवार को तापमान 38 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सुबह और शाम को गर्मी के साथ उमस से लोग परेशान रहे। गंगानगर, चूरू, बीकानेर, कोटा में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। मौसम विभाग ने आज 6 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है।
आंधी-तूफान की आशंका
राज्य में आज मौसम पूरी तरह शुष्क है। हालांकि दोपहर बाद सीकर, झुंझुनूं, भरतपुर, अलवर, धौलपुर और दौसा एरिया में कहीं-कहीं आंधी चलने के साथ बारिश हो सकती है। इससे पहले कल भी इन एरिया में दोपहर बाद ऐसी ही वेदर एक्टिविटी हुई थी।
कोटा में सर्वाधिक तापमान
इससे पहले राज्य में सबसे ज्यादा तापमान कोटा में 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोटा के अलावा सवाई माधोपुर, हनुमानगढ़, करौली, बारां, गंगानगर, चूरू, धौलपुर, बाड़मेर, पिलानी और भीलवाड़ा में दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ।
बारिश के बाद भी राहत नहीं
9 जून को भरतपुर, अलवर, करौली, धौलपुर समेत पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश हुई, लेकिन उसके बाद भी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली। सबसे ज्यादा बारिश भरतपुर में हुई। अलवर के बानसूर में 6, रामगढ़ में 12, दौसा के मंडावर में 10 और धौलपुर के बसेड़ी में बरसात हुई।
रात में भी बढ़ने लगी गर्मी
राज्य के शहरों में दिन के साथ रात में भी गर्मी तेज होने लगी है। 9 जून की रात गंगानगर में न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सबसे ज्यादा रहा। इसके अलावा चूरू में 30.4, बीकानेर में 30.2, कोटा में 30.1, जयपुर में 29.4, बूंदी और फलोदी में 29.6 और जोधपुर में 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
What's Your Reaction?