बम की धमकी..! सुखोई ने किया ईरानी विमान का पीछा, देश में उतरने का दिया था विकल्प
<p><strong><em>विमान को पहले जयपुर और फिर चंडीगढ़ में उतारने का विकल्प दिया गया था।</em></strong></p>
ईरान की राजधानी तेहरान से चीन के ग्वांगझाऊ जा रहे महान एयर के एक यात्री विमान को सोमवार सुबह बम की धमकी के बाद रोकने के लिए भारतीय वायुसेना ने अपने लड़ाकू विमान उसके पीछे भेजे। वायुसेना ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। बयान के मुताबिक, घटना सुबह उस समय हुई, जब उड़ान संख्या डब्ल्यू-581 भारतीय वायु क्षेत्र के ऊपर से गुजर रही थी।
जयपुर, चंडीगढ़ में उतरने का दिया था विकल्प
बयान में कहा गया है, “विमान को पहले जयपुर और फिर चंडीगढ़ में उतारने का विकल्प दिया गया था। हालांकि, पायलट ने कहा कि वह दोनों में से किसी भी हवाई अड्डे पर विमान नहीं उतारना चाहता है। भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों को तुरंत संबंधित उड़ान की दिशा में रवाना किया गया, जो सुरक्षित दूरी पर उसका पीछा करते रहे।”
बयान के अनुसार, कुछ देर बाद तेहरान से बम की सूचना को नजरअंदाज करने का संदेश मिला, जिसके बाद विमान ने अपने अंतिम गंतव्य की ओर यात्रा जारी रखी। बताया जा रहा है कि ईरानी विमान जब भारतीय वायु क्षेत्र में था, तब दिल्ली हवाई अड्डे का वायु यातायात नियंत्रक (एटीसी) लगातार वायुसेना के संपर्क में था।
What's Your Reaction?