2037 से पहले कुर्सी नहीं छोडऩे वाले शी जिनपिंग, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री का बड़ा खुलासा
NULL
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री केविन रुड ने बुधवार, 24 अगस्त को कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग कम से कम आगामी 10 से 15 साल तक सत्ता में रहेंगे और दुनिया को लेकर उनके नजरिये के बारे में समझने की आवश्यकता है। रुड ने मनोहर पर्रिकर रक्षा अध्ययन एवं विश्लेषण संस्थान (एमपी-आईडीएसए) में एक व्याख्यान के दौरान कहा कि यह अपरिहार्य है कि शी जिनपिंग फिर से निर्वाचित होंगे, किसी वैकल्पिक उम्मीदवार की कोई जानकारी नहीं है। चीन के मामलों में विशेषज्ञ समझे जाने वाले रुड ने कहा कि शी जिनपिंग हमारे साथ कम से कम 2037 तक रहेंगे। वह 69 वर्ष के हैं और 2037 तक वह 84 वर्ष के होंगे। हमें इस तथ्य का आदी हो जाना चाहिए कि शी जिनपिंग और उनका चीन लंबे समय तक रहेगा।
उन्होंने कहा कि भविष्य में चीनी अर्थव्यवस्था का प्रदर्शन निजी क्षेत्र को मिली संचालन की पूर्ण स्वतंत्रता पर कई कदमों द्वारा लगाम लगाए जाने के कारण शी की रणनीतिक दृष्टि की एक कमजोर कड़ी साबित हो सकता है। रुड ने कहा कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की 20वीं राष्ट्रीय कांग्रेस में उसके आर्थिक दल के चयन पर लोग निकटता से नजर रखेंगे। इस दल को अगले 10-15 वर्षों के लिए अर्थव्यवस्था को पुन: आकार देने का काम सौंपा जाएगा।
What's Your Reaction?