कान में माइक्रोफोन और अंडरवियर में डिवाइस..! मुन्नाभाई गिरफ्तार

कान में माइक्रोफोन और अंडरवियर में डिवाइस..! मुन्नाभाई गिरफ्तार
19-09-2022 - 10:14 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

रेलवे में ग्रुप-डी भर्ती परीक्षा के दौरान शनिवार को जयपुर में एक अभ्यर्थी नकल के लिए कान में माइक्रोफोन और अंडरवियर में सिम लगा उपकरण लेकर पहुंचा। भांकरोटा स्थित परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश के दौरान उसे पकड़ लिया गया। इस बीच, उसे जवाब बताने के लिए केन्द्र के बाहर खड़ा उसका सहयोगी फरार हो गया। इसी परीक्षा की आंसर-की के साथ पुलिस ने हरियाणा निवासी युवक सहित तीन को गिरफ्तार किया है।
भांकरोटा थानाधिकारी रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सिरसी रोड स्थित निजी स्कूल में मुख्य कमरे में प्रवेश के दौरान तलाशी लेने पर हरियाणा के रोहतक निवासी अमन के कान में माइक्रोफोन लगा मिला। कपड़ों की तलाशी में उसके अंडरवियर में छोटा-सा डिवाइस और मिला, जिसमें सिम लगी थी। यह डिवाइस मोबाइल की तरह काम करता है। इससे वह परीक्षा केन्द्र के बाहर खड़े अपने दोस्त रोहतक निवासी संदीप सैनी से जवाब पूछने की तैयारी में था। संदीप की तलाश जारी है।
आंसर की के साथ पकड़े दो मुन्नाभाई
पुलिस ने इसी परीक्षा केन्द्र से आंसर-की से नकल करते हुए अशोक यादव निवासी सरुंढ, कोटपूतली को गिरफ्तार किया है। उसे यह आंसर की उसके दोस्त पवन ने उपलब्ध करवाई, जिसकी तलाश की जा रही है। आमेर थाना पुलिस ने एक निजी कॉलेज से परीक्षार्थी राजेश तंवर निवासी विराट नगर को आंसर-की के साथ पकड़ा। करणी विहार इलाके में सिरसी रोड स्थित निजी कॉलेज में रोहतक निवासी बृजेंद्र को भी आंसर-की के साथ गिरफ्तार किया गया।
कागज निगलने की कोशिश, आधा हिस्सा बरामद
पकड़े जाने पर आरोपी राजेश ने आंसर-की निगलने की कोशिश की लेकिन आधा पन्ना पर्यवेक्षक ने बरामद कर लिया। जांच अधिकारी उप निरीक्षक नवरतन मल ने बताया कि आरोपी ने प्रश्न पत्र के जवाबों के लिए दोस्त को तीन लाख रुपए दिये थे।

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।