पाक सेना प्रमुख बनते ही मुनीर ने भारत के खिलाफ उगला जहर
<p><em><strong>पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने भारत के खिलाफ जमकर जहर उगला है। भारत की सीमा से सटे लाइन ऑफ कंट्रोल के दौरे पर पहुंचे मुनीर ने देश के जमीन की रक्षा करने की कसम खाई।</strong></em></p>
पाकिस्तान के नए सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने पद संभालने के बाद पहली बार एलओसी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारत की सीमा पर पाकिस्तानी सेना की तैयारियों का जायजा लिया। पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने एलओसी से सटे अग्रिम सीमा चैकियों का भी निरीक्षण किया। जनरल मुनीर के साथ पाकिस्तानी सेना के कई शीर्ष अधिकारियों ने क्षेत्रीय कमांडरों के साथ बैठक भी की। इसके बाद पाकिस्तानी सैनिकों को संबोधित करते हुए पिछले पाकिस्तानी जनरलों की तरह असीम मुनीर ने भी भारत को गीदड़भभकी देने की कोशिश की।
भारत के खिलाफ उगला जहर
जनरल असीम मुनीर ने कहा कि हाल में ही गिलगित बाल्टिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर पर भारतीय नेतृत्व का बयान गैरजिम्मेदाराना है। जनरल मुनीर से शेखी बघारते हुए कहा कि मैं स्पष्ट कर दूं कि पाकिस्तान की सशस्त्र सेना न केवल हमारी मातृभूमि के हर इंच की रक्षा के लिए, बल्कि दुश्मन को लड़ाई में हराने के लिए हमेशा तैयार है। पाक आर्मी चीफ ने संबोधन के बाद सैनिकों से धार्मिक नारे भी लगवाए। उनके इस संबोधन का एक वीडियो भी जारी किया गया है। इसमें पाकिस्तानी बैरकों में लगे नक्शों को धुंधला कर दिखाया गया है।
असीम मुनीर को मिली है मुल्ला जनरल की पदवी
पाकिस्तान में असीम मुनीर को उनके धार्मिक ज्ञान के कारण मुल्ला जनरल की पदवी दी गई है। आशंका जताई जा रही है कि उनके कार्यकाल में पाकिस्तान में कट्टरपंथ को बढ़ावा मिल सकता है। आईएसआई प्रमुख रहने के दौरान असीम मुनीर ने एजेंसी के खिलाफ फैसले देने वाले एक हाईकोर्ट के जज को बर्खास्त करवा दिया था। असीम मुनीर को इमरान खान का विरोध करने वाले सैन्य अधिकारी के रूप में भी जाना जाता है। पाकिस्तानी आर्मी चीफ बनने से पहले असीम मुनीर क्वार्टरमास्टर जनरल के रूप में कार्यरत थे।
What's Your Reaction?