Pathan : यूं ही हिट नहीं हुई पठान... किंग खान की थी जबर्दस्त प्लानिंग और पीआर रणनीति, सलमान रहे एक्स फैक्टर 

<p><em><strong>Pathan : किंग खान शाहरूख की फिल्म &lsquo;पठान&rsquo; बम्पर हिट हो चुकी है। इस बीच, ये सवाल उठना लाजिमी है कि तमाम विरोधों और बायकॉट के बावजूद इस फिल्म ने जिस तरह की सफलता हासिल की है, वह चमत्कार आखिर हुआ कैसे..?</strong></em></p> <quillbot-extension-portal></quillbot-extension-portal>

Pathan : यूं ही हिट नहीं हुई पठान... किंग खान की थी जबर्दस्त प्लानिंग और पीआर रणनीति, सलमान रहे एक्स फैक्टर 
02-02-2023 - 12:20 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

शाहरुख खान की फिल्म ‘Pathan’ ने अपनी रिलीज के पहले 7 दिनों के बाद घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से ज्यादा और दुनियाभर में 600 करोड़ से ज्यादा की कमाई करके इतिहास रच डाला है। फिल्म ने कमाई के पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अगले वीकेंड तक ‘Pathan’ के बॉलिवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म आमिर खान की ‘दंगल’ के 387 करोड़ कमाई के रेकॉर्ड को तोड़ने की पूरी उम्मीद लगाई जा रही है। वहीं, दो हफ्ते में यह बीते साल की सबसे बड़ी हिट कन्नड़ सुपरस्टार यश की हिंदी डब फिल्म ‘केजीएफ 2’ के 435 करोड़ के रेकॉर्ड को भी तोड़ सकती है। कुछ लोगों का तो यह भी कहना है कि पठान ही वह हिंदी फिल्म है, जो हिंदी बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ‘बाहुबली-2’ का रेकॉर्ड तोड़ सकती है। तेलुगू सुपरस्टार प्रभास की ‘बाहुबली-2’ के हिंदी डब वर्जन ने 511 करोड़ की कमाई की थी। बॉक्स ऑफिस पर ‘पठान’ की सुनामी देखकर कार्तिक आर्यन की फिल्म ‘शहजादा’ के निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज को एक हफ्ते आगे कर दिया है। पहले वैलंटाइंस डे वीकेंड पर 10 फरवरी को रिलीज हो रही ‘शहजादा’ अब 17 फरवरी को रिलीज होगी।
फिल्म की सफलता भले ही जादुई मानी जा रही हो, लेकिन इसके पीछे जादू नहीं, विषुद्ध व्यावसायिक रणनीति और पीआर का कमाल है। इसके लिए किंग खान ने बाकायदा पूर्व तैयारी की थी। इसी के आधार पर कुल 10 अहम बातें निकलकर आई हैं।
1. नो मीडिया इंटरव्यूः शाहरुख खान ने पठान की रिलीज से पहले किसी भी तरह की प्रेस कॉन्फ्रेंस या मीडिया इंटरव्यूज नहीं किए। दरअसल, किंग खान फिल्म की रिलीज से पहले किसी भी तरह के अनावश्यक विवाद से बचना चाहते थे। फिल्म की रिलीज के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए शाहरुख ने अपनी बात रखी, लेकिन मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया।
2. सोशल मीडिया का इस्तेमाल: शाहरुख ने ट्विटर पर सीधे अपने चाहने वालों से बातचीत की और उनके सवालों का जवाब दिया। इस तरह जहां उन्हें सोशल मीडिया पर खबरों में रहने का मौका मिला, वहीं मेनस्ट्रीम मीडिया ने भी शाहरूख की सवाल-जवाब को खबर बनाया। वहीं, दुबई स्थित बुर्ज खलीफा पर फिल्म पठान का ट्रेलर चलाए जाने के बाद से फिल्म ‘पठान’ को काफी पॉपुलैरिटी मिली।
3. फैंस ने मनाया जश्न: चार साल के लंबे इतंजार के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे अपने चहेते स्टार शाहरुख खान के लिए उनके फैंस ने ग्रैंड अंदाज में एसआरके की वापसी का जश्न मनाया। शाहरूख के चाहने वालों ने फिल्म पठान के लिए पहले दिन देश के तमाम नामी सिनेमाघरों को बुक किया, तो उन्होंने अल सुबह से लेकर देर रात तक के शोज भी रखवाए।
4. गाने पर उठा विवाद: फिल्म पठान के गाने बेशर्म रंग की रिलीज के दौरान इसे लेकर जबर्दस्त विवाद हुआ। विरोध के चलते फिल्म का ट्रेलर तय शेड्यूल से लेट रिलीज करना पड़ा। विरोध का फायदा यह हुआ कि यह गाना सुपरहिट हो गया, जिसे यूट्यूब पर 26 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा। 
5. देशभक्ति का डोज: टाइगर, टाइगर जिंदा है, वॉर, तानाजी: द अनसंग वॉरियर और उरीः द सर्जिकल स्ट्राइक जैसी देशभक्ति वाली फिल्मों की बंपर सफलता से बॉक्स ऑफिस पर सफलता का फाॅर्मूला पहले ही सेट हो गया था। ऐसे में पहली बार खुफिया एजेंट के रोल में बड़े पर्दे पर आए शाहरूख को दर्शकों ने हाथोंहाथ लिया। वहीं, फिल्म पठान से उनकी रोमांटिक से एक्शन हीरो बनने की तमन्ना भी पूरी हो गई।
6. स्पाई यूनिवर्स की फिल्म: भारतीय दर्शक अब सिनेमैटिक यूनिवर्स को पसंद कर रहे हैं। आदित्य चोपड़ा ने फिल्म टाइगर और वॉर से स्पाई यूनिवर्स की शुरूआत की और शाहरुख ने बतौर पठान इसमें जुड़ने की हामी भरी। बेशक पठान को स्पाई यूनिवर्स की फिल्म होने का भी फायदा मिला, जिसके चलते दर्शकों में इस फिल्म को लेकर काफी क्रेज था।
7. सुपरस्टार्स का क्रेज: बॉलिवुड सुपरस्टार्स आमिर, शाहरुख और सलमान खान की फिल्मों को दर्शक कहानी ठीक-ठीक होने पर भी हिट करा देते हैं। शाहरूख की पठान की कहानी बहुत खराब भी नहीं थी। फिल्म में जबर्दस्त एक्शन सींस होने के चलते भी दर्शकों ने इसे पसंद किया। साथ ही, फिल्म की एडिटिंग चुस्त होने से इसने आखिर तक दर्शकों को बांधे रखा।
8. सलमान का कैमियो: शाहरूख और सलमान एक-दूसरे की फिल्मों में कैमियो करते नजर आ रहे हैं। ट्यूबलाइट में शाहरूख खान का जादूगर बनकर आए, वहीं जीरो में सलमान खान सुपरस्टार बनकर डांस करते दिखे। ‘पठान’ में सलमान खान अपने टाइगर वाले अवतार में आए और छा गए। सलमान की एंट्री पर बजी जबर्दस्त सीटियां इसकी गवाही दे रही थीं।
9. दीपिका का सरप्राइज: रिलीज से पहले लोग दीपिका पादुकोण को फिल्म में ग्लैमर डाॅल मान रहे थे लेकिन पर्दे पर दीपिका को धमाकेदार एक्शन सीन करते देखकर लोगों को करारा झटका लगा। दीपिका भी कैटरीना कैफ की तरह बतौर एजेंट स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा भी बन गईं। वहीं, जॉन अब्राहम ने फिल्म पठान में बेहतरीन एक्शन करके अपनी सुपरहिट फिल्म धूम की याद दिला दी।
10. एकजुट हुआ बाॅलीवुडः लगातार हो रहे फिल्मों के बायकॉट ने फिल्म इंडस्ट्री की परेशानी बढ़ा दी थी। इनका सामना करने के लिए बॉलिवुडवालों के सामने एकजुट होने के सिवा कोई चारा नहीं था। शाहरुख की फिल्म के लिए एकजुट होकर फिल्मवालों ने दिखा दिया कि एक साथ आकर वे किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।