60 एयरपोर्ट की सुरक्षा निजी हाथों में, सीआईएसएफ पड़ रही महंगी

60 एयरपोर्ट की सुरक्षा निजी हाथों में, सीआईएसएफ पड़ रही महंगी
24-09-2022 - 04:04 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

. देश के 60 हवाई अड्डों पर निजी एजेंसी के सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी एएआई अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी सीआईएसएफ के जवानों की जगह इनकी तैनाती करेगा। इन सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती नॉन-कोर डयूटी पोस्ट पर की जाएगी। इन हवाई अड्डों पर निजी एजेंसी के करीब 1,924 गार्ड तैनात किए जाएंगे।
विमानन सुरक्षा नियामक नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो ने मई में परिपत्र जारी किया था। हवाई अड्डों ने निजी सुरक्षा गार्डों की सेवाएं लेनी शुरू कर दी हैं। इनके कामों में प्रवेश एवं निकास द्वार पर यात्रियों को अलग-अलग भेजना, सुरक्षा क्षेत्र को नियंत्रित करना व इस क्षेत्र में दस्तावेज की जांच करना, आगंतुक कक्ष, महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा आदि शामिल हैं। एएआई का कहना है कि इससे सुरक्षा खर्च कम होगा।
सीआईएसएफ के पदों को खत्म किया
हवाई अड्ड़ों पर सीआईएसएफ के 1,900 जवानों को हटाया गया है। वहां सीआईएसएफ के तीन हजार पदों को खत्म कर दिया गया है। अभी 65 हवाई अड्डों पर सीआईएसएफ के 29,000 जवान तैनात हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे एएआई का खर्च कम होगा। दरअसल सीआईएसएफ के जवानों के मुकाबले निजी सुरक्षा गार्डों की सैलरी कम है। उम्मीद है कि निजी सुरक्षा गार्डों की सेवाएं लेने से विमानन सुरक्षा खर्च घटेगा।
यात्रियों से वसूलते सुरक्षा खर्च
अभी हवाई अड्डे सीआईएसएफ की सुरक्षा के खर्च को वहन करते हैं और इसे मुसाफिरों से विमानन सुरक्षा शुल्क के तौर पर वसूला जाता है। अभी घरेलू मुसाफिरों से विमानन सुरक्षा शुल्क 160 रुपये और विदेश से आने वाले मुसाफिरों से 12 डॉलर वसूले जाते हैं। जानकारों के मुताबिक, निजी एजेंसी गार्ड की तैनाती से संबंधित लागत की हवाई अड्डों को प्रतिपूर्ति की जाएगी।


 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।