गहलोत ने मणिपुर के हालात पर किया ट्वीट तो भड़की भाजपा, जोधपुर घटना को लेकर घेरा

<p><em><strong>राजस्थान के जोधपुर में चार लोगों की हत्या को लेकर प्रदेश में राजनीति गर्माई हुई है। सत्तारूढ़ कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भाजपा के नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी हो रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के एक ट्वीट पर बीजेपी के नेताओं ने जमकर हमला किया।</strong></em></p>

गहलोत ने मणिपुर के हालात पर किया ट्वीट तो भड़की भाजपा, जोधपुर घटना को लेकर घेरा
21-07-2023 - 11:58 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

चुनावी राज्य राजस्थान में जोधपुर जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या को लेकर राजनीति तेज है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के ऊपर मुख्य विपक्षी दल भाजपा तीखे हमले कर रही है। दोनों दलों के नेताओं के बीच यह बयानबाजी उस वक्त और गर्मा गई, जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मणिपुर में जातीय हिंसा को लेकर वायरल हुए वीडियो पर बयान दिया। सीएम गहलोत ने मणिपुर के हालात पर चिंता जताते हुए भाजपा शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया। सीएम के इस आशय के ट्वीट करते ही भाजपा नेता हमलावर हो गए। प्रदेश के आला नेताओं के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री तक ने जोधपुर की घटना को लेकर सीएम गहलोत की प्रशासनिक क्षमता और राज्य की कानून-व्यवस्था की बिगड़ी स्थिति को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।


मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मणिपुर में कुकी जनजाति की दो महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार वाली घटना के वायरल वीडियो पर सवाल उठाते हुए भाजपा पर हमला किया। उन्होंने कहा, ‘अत्यंत दुख की बात है कि मणिपुर में हिंसा बंद होने का नाम नहीं ले रही। इससे पूरा देश चिंतित है। भाजपा की लापरवाही की वजह से मणिपुर में अभी तक 142 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। मणिपुर को देख कर राजस्थान में लोग पूछ रहे हैं कि भाजपा की सरकारों को कानून व्यवस्था चलाना क्यों नहीं आता?’ सीएम गहलोत की इसी बात पर भाजपा नेताओं ने लगातार ट्वीट कर राजस्थान की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने दी तीखी प्रतिक्रिया
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने जोधपुर की घटना का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘विडम्बना देखिये, जिनकी आंखों के सामने पूरे पूरे परिवार जिंदा जलाये जा रहे हैं, जनता की बस में घुस-घुस के गोलियां बरस रही हो, दुकानों में घुस के आम नागरिकों के गले कट रहे हैं उनसे इसी तरह के विकृत सोच की उम्मीद की जा सकती है। मौत का मंजर राजस्थान से ज्यादा कोई नहीं जानता गहलोत साहब।’ बीजेपी के नेशनल मीडिया पैनलिस्ट जयराम विप्लव ने भी गहलोत के ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘गहलोत जी, आपको नजदीक का दिखाई नहीं दे रहा। कृपया अपने राज्य में हिंसक घटनाओं पर ध्यान दीजिए। कल ही एक परिवार को मासूम सहित जलाकर मार दिया गया। आपकी महिला विधायक कह रही कि वो सुरक्षित नहीं है, और आप हैं कि राजनीतिक बयानबाजी के लिए मणिपुर पर ट्वीट कर रहे।’
केंद्रीय मंत्री ने जोधपुर की घटना पर किया हमला
सीएम गहलोत के ट्वीट पर केंद्रीय रेल राज्यमंत्री दर्शना जरदोष ने ट्वीट कर तीखी प्रतिक्रिया दी। रेल राज्यमंत्री ने कहा, ‘गहलोत जी, कल जोधपुर में एक पूरे परिवार जिसमें एक 6 साल की मासूम भी शामिल थी उसे जलाए जाने की घटना सामने आई है। बलात्कार के मामले में राजस्थान आपके शासन काल में अव्वल हो चुका है। आपके द्वारा दूसरे राज्य के कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करना वैसा ही है जैसे पाकिस्तान द्वारा शांति सन्देश। रही बात मणिपुर की तो वहां की हालत मोदी राज में सुधरी है, आंकड़े इसकी गवाही देते हैं। अफस्पा अब सिर्फ 9 जिलों तक सीमित रह गया है।’ सीएम गहलोत के ट्वीट पर इंटरनेट यूजर्स भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। रिनीति चटर्जी नामक यूजर ने एक धुंधली तस्वीर शेयर करते हुए कहा, ‘आप अपने राज्य में हो रहे अपराधों के लिए कब मुंह खोलेंगे।’
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।