सपने बेचने वाले गुजरात में नहीं जीतेंगेः अमित शाह
भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच जुबानी जंग जारी है। इस जुबानी जंग में देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल नाम लिये बिना कहा है कि जो लोग सपने बेचते हैं, वे गुजरात में कभी नहीं जीतेंगे।
उल्लेखनीय है कि गुजरात में इसी वर्ष दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और इसी संदर्भ में आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता सक्रिय हैं और गुजरात में दौरे कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से
आयोजित एक कार्यक्रम में वर्चुअल भाषण के दौरान मंगलवार, 13 सितंबर को शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा गुजरात में विधानसभा चुनाव सीएम पटेल के नेतृत्व में ही लड़ेगी और एक बार फिर दो-तिहाई बहुमत सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि ‘‘सपने बेचने वालों को गुजरात में कभी चुनावी सफलता नहीं मिलेगी। मैं गुजरात के लोगों को जानता हूं। सपने बेचने वालों को गुजरात में कभी सफलता नहीं मिल सकती क्योंकि जनता उन्हीं का समर्थन करती है, जो काम करने में विश्वास रखते हैं। इसलिए लोग भाजपा के साथ हैं। भाजपा शानदार जीत हासिल करेगी।’’
इससे पूर्व केजरीवाल गुजरात का दौरा कर चुके हैं और उन्होंने गुजरात में अलग-अलग वर्गों को मुफ्त बिजली, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेरोजगार युवाओं के लिए भत्ते, रोजगार सृजन और महिलाओं के लिए भते सहित कई गारंटी देने का वादा किया है।
What's Your Reaction?