ग्रीस पर ताव खा रहा तुर्की, एफ-16 लड़ाकू विमानों पर मिसाइल तानने का आरोप
तुर्की और ग्रीस के बीच भूमध्य सागर पर कब्जे की जंग तेज हो गई है। इस बीच तुर्की ने आरोप लगाया कि ग्रीस ने अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में उड़ रहे उसके एफ-16 लड़ाकू विमानों पर मिसाइल तानी है। इस घटना के बाद तुर्की के लड़ाकू विमान उस इलाके से भाग खड़े हुए।
दरअसल तुर्की जिस इलाके को अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र बता रहा है, उस पर ग्रीस अपना दावा करता है। ऐसे में तुर्की के लड़ाकू विमानों को देखकर ग्रीस ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिवेट कर दिया था। तुर्की की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलु ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि क्रेटे द्वीप पर स्थापित यूनान की एस-300 मिसाइल प्रणाली ने 23 अगस्त को तुर्की के लड़ाकू विमानों पर हमले के लिए सारी गणनात्मक तैयारी कर ली थी।
एस-300 मिसाइल सिस्टम एक्टिवेट
तुर्की के एफ-16 लड़ाकू विमान ग्रीस के पश्चिमी रोड्स द्वीप के पास 10 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे थे, तभी रूस निर्मित एस-300 मिसाइल प्रणाली ने उन्हें निशाना बनाने के लिए अपने रडार पर ले लिया। विमानों को रडार पर लेने को नाटो की नियमावली के तहत शत्रु कार्रवाई माना जाता है। इस बारे में जब अंकारा स्थित ग्रीस के दूतावास से रविवार को संपर्क किया गया तो वहां से कोई जवाब नहीं आया।
भूमध्य सागर पर कब्जे की जंग
हालांकि, ग्रीस ने तुर्की के दावे को खारिज कर दिया है। ग्रीस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि तुर्की के विमान बिना पूर्व सूचना के अमेरिका के बी-52 बॉम्बर के साथ आए जबकि इसकी जरूरत नहीं थी। साथ ही वह इलाका ग्रीस के विमानों के नियंत्रण में था।
What's Your Reaction?