क्या है ‘समोसा कॉकस’, जिसका जिक्र कर पीएम मोदी ने यूएस संसद में तालियां बजवा दीं
<p><em><strong>यूएस कांग्रेस में अपने संबोधन के दौरान हिन्दुस्तान के उज्ज्वल भविष्य का खाका पेश करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने एक ऐसे शब्दयुग्म का जिक्र किया, जिस पर खूब तालियां बजीं। उन्होंने अपने भाषण के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का जिक्र करते हुए कहा, ‘मुझे बताया गया है कि अब अमेरिकी संसद में ‘समोसा कॉकस’ का रंग चढ़ने लगा है...’</strong></em></p>
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन के निमंत्रण पर अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा पर पहुंचे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अमेरिकी संसद, यानी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया, जिसमें प्रतिनिधि सभा और सीनेट के सदस्य मौजूद थे। पीएम नरेंद्र मोदी हिन्दुस्तान के पहले ऐसे नेता हैं, जिन्हें अमेरिकी संसद को दूसरी बार संबोधित करने का अवसर मिला।
अपने संबोधन के दौरान हिन्दुस्तान के उज्ज्वल भविष्य का खाका पेश करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने एक ऐसे शब्दयुग्म का जिक्र किया, जिस पर खूब तालियां बजीं। उन्होंने अपने भाषण के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का जिक्र करते हुए कहा, ‘मुझे बताया गया है कि अब अमेरिकी संसद में ‘समोसा कॉकस’ का रंग चढ़ने लगा है...।’‘समोसा कॉकस’ के जिक्र पर यूएस संसद में खूब तालियां बजीं, क्योंकि वहां मौजूद सभी लोगों को इस शब्दयुग्म का अर्थ और संदर्भ समझ आ गया, लेकिन आम हिन्दुस्तानी को ‘समोसा कॉकस’ की पृष्ठभूमि को समझना होगा।
यह है ‘समोसा काॅकस’ का अर्थ
दरअसल, बहुत साल पहले वर्ष 2016 में जब भारतीय मूल के कुछ शख्स पहली बार अमेरिकी संसद में चुने गए थे, तो ये सभी एक-दूसरे से लगातार मुलाकातें करते रहते थे, और इनका एक क्लब-सरीखा बन गया था। इन्हीं सांसदों में एक सदस्य थे प्रतिनिधि सभा में चुने गए राजा कृष्णमूर्ति, जिन्होंने अपने इस क्लब का नाम ‘समोसा कॉकस’ रख दिया था, जिसका अर्थ होता है, ‘समोसा खाने और पसंद करने वाले लोगों का समूह’। इसके बाद यूएस कांग्रेस में आमतौर पर दक्षिण-एशियाई मूल, विशेषकर भारतीय मूल के सदस्यों के लिए ‘समोसा कॉकस’ शब्द का इस्तेमाल किया जाने लगा। अब, इसी ‘समोसा कॉकस’ की एक सदस्य कमला हैरिस अमेरिका की उपराष्ट्रपति हैं, इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मुझे बताया गया है, अब ‘समोसा कॉकस’ का रंग अमेरिकी संसद पर चढ़ने लगा है...’
कमला हैरिस की ओर किया संकेत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका की संसद के दोनों सदनों में भारतीय मूल के लोगों के बढ़ते प्रतिनिधित्व की ओर इशारा करते हुए कहा कि अमेरिका में भारतीय मूल के लाखों लोग बसते हैं, और उनमें से बहुत-से इस संसद में भी गर्व के साथ बैठते हैं। उन्होंने संबोधन के दौरान उनके पीछे की तरफ बैठीं कमला हैरिस की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘भारतीय मूल के बहुत-से लोगों में से एक मेरे पीछे बैठीं हैं... इन्होंने (कमला हैरिस ने) इतिहास रचा है। और मुझे बताया गया है, अब ‘समोसा कॉकस’ का रंग अमेरिकी संसद पर चढ़ने लगा है...’
बाकी व्यंजनों का भी किया जिक्र
पीएम नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा, ‘मैं आशा करता हूं, ‘समोसा’ की तरह ही भारतीय व्यंजनों की पूरी विविधता इस संसद में हो...’ इसके साथ उन्होंने दक्षिण भारतीय व्यंजन मसाला डोसा और बंगाली मिठाई संदेश का भी जिक्र किया। गौरतलब है कि ‘समोसा कॉकस’ में इस वक्त अमेरिका के छह सांसद शांमिल हैं, जिनमें अमि बेरा, रो खन्ना और प्रमिला जयपाल शामिल हैं। भारतीय मूल के सांसदों का ‘समोसा कॉकस’ ऐसे मुद्दों को उठाता है, जो भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों के हितों से जुड़े होते हैं, जिनमें इमिग्रेशन पॉलिसी के सरलीकरण का मुद्दा प्रमुख रूप से शामिल है।
What's Your Reaction?