‘डरना बंद करो, कृपा करके बक्शो, सबको जीत कर आने दो’, गहलोत ने राजेंद्र राठौड़ से क्यों कही ये बात
<p><em><strong>राजेन्द्र राठौड़ कहा था कि 65 फीसदी विधायक दोबारा चुनाव जीतकर नहीं आते। इस पर सीएम गहलोत ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राठौड़ जी पिछले कार्यक्रम में भी आपने यही बात बोली थी। आप खुद 7-8 बार एमएलए, मंत्री बन गए। स्पीकर साहब का भी लंबा अनुभव है।</strong></em></p>
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान के लोकार्पण समारोह के दौरान मंच से संबोधित करते हुए कहा कि मुझे खुशी है आज राजस्थान में एक के बाद एक संस्थाएं खड़ी हो रही हैं। हमने राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर दिल्ली की तर्ज पर बनाया। पक्ष और विपक्ष के बीच रिश्ता इससे और मजबूत होगा। मैं आरआईसी में इंटरनेशनल लेवल के लोग आएंगे और राजस्थान के लिए, देश के बारे में विचार करेंगे। हमने इसी नजरिए से मिशन 2030 बनाया है।
उन्होंने कहा कि चीफ सेक्रेटरी उषा शर्मा को धन्यवाद देना चाहूंगा कि उन्होंने इंटरेस्ट लिया। उन्होंने ऑफलाइन और ऑनलाइन बैठकें कीं और लोगों से मिशन 2030 को लेकर सुझाव लिए। इसका मतलब राजस्थान के लोगों को बहुत रुझान है। इंडस्ट्री, ट्रेड, कॉमर्स, डॉक्टर, जनप्रतिनिधि सभी लोग यहां पर बैठे हैं। ये बहुत बड़ी बात है कि एक विचार साझा करने का केंद्र कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान बना है। कोई मान लीजिए एमएलए नहीं बन पाया, तो वह यहां आकर विचार-विमर्श कर सकता है।
सीएम ने नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के बयान पर किया कटाक्ष
सीएम गहलोत ने नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘राठौड़ साहब आप डराना बंद करो कि 65 फीसदी विधायक जीतकर वापस नहीं आ पाए। पिछली बार भी विधायकों के आवास के लोकार्पण के मौके पर आपने यही बात की थी। कृपा करके बख्शो और सबको जीतकर आने दो। आप खुद 7-8 बार एमएलए, मंत्री बन गए। स्पीकर साहब का भी लंबा अनुभव है। कल्ला साहब हैं, महादेव सिंह खंडेला जी हैं, अमीन खान तो सदाबहार हैं। बहुत कम लोग हैं जो उसे समय से मेंटेन कर रहे हैं, चुनाव जीतने का। परसराम मदेरणा, मोहनलाल सुखाड़िया जैसे नेताओं की लंबी फेहरिस्त है, जो 7-8 बार जीत कर आए थे। तो आप लोग क्यों नहीं जीतकर आ सकते। सरकार वापस रिपीट हो यह मैं पहली बात कहता हूं। जो माहौल राजस्थान में लोगों ने बनाया है। शानदार बनाया है। शासन और गवर्नेंस का इतिहास बन गया है।’
गिग वर्कर्स का हमने कानून पास किया
सीएम ने कहा कि गिग वर्कर्स का हमने कानून पास किया है। ऐसे कानून पास किए हैं, गिग वर्कर्स को खुद को नहीं मालूम कि मैं गिग वर्कर हूं। 15- 20 साल का ये आईडिया देश दुनिया के अंदर आया है। राजस्थान गवर्नमेंट ने गिग वर्कर्स का जो कानून पास किया है, यह दुनिया के मुल्कों में पास होना चाहिए और देश के अंदर हर राज्य में बनना चाहिए। सोशल सिक्योरिटी उनको मिलनी चाहिए।
प्रदेश में नया आयाम स्थापित किया
राजस्थान रोडवेज और आवासन मंडल के लिए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय इन्हें बंद करने की बात की जाती थी, लेकिन यह दोनों संस्थाएं आज हमारी सरकार में बखूबी चल रही हैं। आवासन मंडल ने प्रदेश में नया आयाम स्थापित किया है।
What's Your Reaction?