पटना में विवाद: महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने के आरोप में घिरे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक नए विवाद में घिर गए हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने नव-नियुक्त एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींच दिया। यह घटना पटना सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई, जब मुख्यमंत्री आयुष (आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी) डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंप रहे..

पटना में विवाद: महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने के आरोप में घिरे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
16-12-2025 - 10:55 AM

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक नए विवाद में घिर गए हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने नव-नियुक्त एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींच दिया। यह घटना पटना सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई, जब मुख्यमंत्री आयुष (आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी) डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंप रहे थे।

लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया है। वीडियो में कथित तौर पर नीतीश कुमार महिला डॉक्टर का हिजाब खींचते नजर आ रहे हैं। राजद ने इस पर मुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं।

मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए राजद ने कहा, “नीतीश कुमार को क्या हो गया है? क्या उनकी मानसिक स्थिति बेहद खराब हो गई है, या फिर नीतीश कुमार 100 प्रतिशत संघी बन गए हैं?”

कांग्रेस ने भी की कड़ी आलोचना, इस्तीफे की मांग

कांग्रेस पार्टी भी इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री की आलोचना करने में कूद पड़ी। कांग्रेस ने इस घटना को घिनौना कृत्य” बताते हुए नीतीश कुमार से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।

कांग्रेस ने X पर लिखा, “यह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। इनकी बेशर्मी देखिए। एक महिला डॉक्टर नियुक्ति पत्र लेने आई थीं और नीतीश कुमार ने उनका हिजाब खींच दिया।”

कांग्रेस ने आगे कहा, “बिहार के सर्वोच्च पद पर बैठा व्यक्ति खुलेआम इस तरह की नीच हरकत कर रहा है। सोचिए, राज्य में महिलाएं कितनी सुरक्षित होंगी? इस घिनौने व्यवहार के लिए नीतीश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। यह कृत्य अक्षम्य है।”

घटना आखिर कहां हुई?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा इस घटना का वीडियो क्लिप संवाद’, यानी मुख्यमंत्री सचिवालय का बताया जा रहा है। यहीं पर 1,000 से अधिक आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे। हालांकि, दन्यूजठिकाना डॉट कॉमइस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है।

 

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, नियुक्त किए गए डॉक्टरों में..

  • 685 आयुर्वेद डॉक्टर,
  • 393 होम्योपैथ, और
  • 205 यूनानी पद्धति से जुड़े चिकित्सक शामिल थे।

इनमें से 10 नियुक्तियों के नियुक्ति पत्र स्वयं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंच से सौंपे, जबकि शेष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र ऑनलाइन माध्यम से दिए गए।

वीडियो में क्या दिख रहा है?

जब नुसरत परवीन की बारी आई, जो अपने चेहरे पर हिजाब ओढ़कर पहुंची थीं, तब 75 वर्षीय मुख्यमंत्री ने भौंहें सिकोड़ते हुए कहा, “ये क्या है?”

इसके बाद, ऊंचे मंच पर खड़े मुख्यमंत्री ने नीचे की ओर झुककर कथित तौर पर महिला डॉक्टर का हिजाब नीचे खींच दिया। यही दृश्य वीडियो में दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, जिसके बाद यह मामला तूल पकड़ गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।