प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान, पाने वाले पहले वैश्विक नेता बने

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने प्रदान..

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान, पाने वाले पहले वैश्विक नेता बने
17-12-2025 - 10:04 AM
17-12-2025 - 10:05 AM

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने प्रदान किया।

मंगलवार को अदीस इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रधानमंत्री मोदी को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।

नई दिल्ली में जारी विदेश मंत्रालय (एमईए) के बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान भारत–इथियोपिया साझेदारी को सशक्त बनाने में उनके असाधारण योगदान और एक वैश्विक राजनेता के रूप में उनके दूरदर्शी नेतृत्व के लिए दिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्मान को प्राप्त करने वाले दुनिया के पहले राष्ट्राध्यक्ष/सरकार प्रमुख हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित होकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। यह सम्मान मैं भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित करता हूं।”

इस अवसर पर संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक की ओर से यह सम्मान स्वीकार करना उनके लिए गर्व की बात है, जिसे वे गहरी विनम्रता और कृतज्ञता के भाव के साथ स्वीकार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, मैं अपने मित्र प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के प्रति भी हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। पिछले महीने जब दक्षिण अफ्रीका में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान हमारी मुलाकात हुई थी, तब आपने स्नेहपूर्वक और अधिकार के साथ मुझे इथियोपिया आने का आग्रह किया था। मैं अपने मित्र, अपने भाई के इस निमंत्रण को कैसे ठुकरा सकता था? इसलिए पहला अवसर मिलते ही मैंने इथियोपिया आने का निर्णय लिया।”

प्रधानमंत्री मोदी ने इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री अबी अहमद और इथियोपिया की जनता के प्रति भी हार्दिक आभार व्यक्त किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री अबी अहमद के नेतृत्व तथा राष्ट्रीय एकता, सतत विकास और समावेशी प्रगति को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों की भी सराहना की।

राष्ट्र निर्माण में ज्ञान की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक शताब्दी से अधिक समय से भारतीय शिक्षकों का इथियोपिया की प्रगति और विकास में योगदान देना भारत के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा, हम भारत में हमेशा यह मानते आए हैं कि शिक्षा किसी भी देश की आधारशिला होती है। मुझे गर्व है कि इथियोपिया और भारत के संबंधों में सबसे महत्वपूर्ण योगदान हमारे शिक्षकों का रहा है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि भारत और इथियोपिया मिलकर ऐसी साझेदारियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो उभरती वैश्विक चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत कर सकें और नए अवसरों का निर्माण करें।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह सम्मान उन सभी भारतीयों और इथियोपियाइयों को समर्पित किया, जिन्होंने सदियों से दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को पोषित किया है, और 1.4 अरब भारतीयों की ओर से इस सम्मान के लिए हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की।

यह सम्मान भारत और इथियोपिया के बीच घनिष्ठ साझेदारी में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और ग्लोबल साउथ के सकारात्मक एजेंडे को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।