जीएसटी दरों में हालिया कटौती से राहत...और भी कम होने के संकेत..!
केंद्र सरकार ने हाल ही में जीएसटी की दरों में कटौती करके आम लोगों को बड़ी राहत दी है। नई दरें 22 सितंबर से लागू हो चुकी हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकेत दिया कि जीएसटी में और कमी हो सकती है..
नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने हाल ही में जीएसटी की दरों में कटौती करके आम लोगों को बड़ी राहत दी है। नई दरें 22 सितंबर से लागू हो चुकी हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकेत दिया कि जीएसटी में और कमी हो सकती है।
पीएम मोदी का बड़ा बयान
नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "2014 में एक लाख की खरीदारी पर करीब 25 हजार रुपये टैक्स लगता था। अब यह घटकर केवल 5-6 हजार रुपये रह गया है।"
उन्होंने आगे कहा कि जैसे-जैसे भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत होती जाएगी, टैक्स दरों को और घटाया जाएगा।
"हम यहीं नहीं रुकेंगे"
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार लगातार लोगों की आय और बचत बढ़ाने पर काम कर रही है। उन्होंने कहा, "हम यहीं नहीं रुकने वाले हैं। जैसे-जैसे अर्थव्यवस्था सशक्त होती जाएगी, टैक्स कम होते रहेंगे। जीएसटी सुधारों की प्रक्रिया निरंतर चलती रहेगी।"
कांग्रेस पर हमला
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले की विफलताओं को छिपाने के लिए विपक्षी दल जनता को गुमराह कर रहे हैं। लेकिन हकीकत यह है कि पिछले दशक में लोगों पर टैक्स का बोझ घटा है और उनकी बचत बढ़ी है।
आत्मनिर्भर भारत की वकालत
पीएम मोदी ने आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि भारत जैसे बड़े देश को अपने विकास के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा, "भारत अब अपने दम पर मजबूत नींव तैयार कर रहा है। आने वाले दशक में आत्मनिर्भरता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत होगी।"
उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा समय में जब दुनिया अनिश्चितताओं और व्यवधानों से गुजर रही है, तब भी भारत आकर्षक विकास कर रहा है और वैश्विक निवेशकों के लिए केंद्र बना हुआ है।
What's Your Reaction?