शाहरुख-गौरी की कंपनी पर वानखेड़े का केस, लगाया छवि खराब करने का आरोप, मांगे 3 करोड़ हर्जाने में

एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े ने एक बार फिर बॉलीवुड से जुड़े विवाद को अदालत तक पहुंचा दिया है। वानखेड़े ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स और अन्य पर मानहानि का आरोप..

शाहरुख-गौरी की कंपनी पर वानखेड़े का केस, लगाया छवि खराब करने का आरोप, मांगे 3 करोड़ हर्जाने में
26-09-2025 - 10:21 AM

मुंबई। एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े ने एक बार फिर बॉलीवुड से जुड़े विवाद को अदालत तक पहुंचा दिया है। वानखेड़े ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स और अन्य पर मानहानि का आरोप लगाया है।

पूर्व एनसीबी अफसर का कहना है कि हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’, जिसका निर्देशन आर्यन खान ने किया है, में उनकी छवि को गलत और नकारात्मक रूप से पेश किया गया है। उनका आरोप है कि सीरीज में दिखाया गया एक एनसीबी अफसर, शक्ल-सूरत और व्यवहार में उनसे मिलता-जुलता है और दर्शकों को यह संदेश देता है कि यह किरदार उन्हीं पर आधारित है।

स्ट्रीमिंग रोकने की मांग

वानखेड़े ने अदालत से मांग की है कि इस सीरीज की स्ट्रीमिंग पर रोक लगाई जाए। इसके साथ ही उन्होंने प्रोडक्शन हाउस और नेटफ्लिक्स से स्थायी निषेधाज्ञा, घोषणा और मानहानि का हर्जाना मांगा है। उन्होंने दो करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है और कहा है कि यह रकम टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल में दान की जाएगी।

सत्यमेव जयते’ दृश्य पर आपत्ति

याचिका में खास तौर पर एक दृश्य का उल्लेख किया गया है, जिसमें एक पात्र ‘सत्यमेव जयते’ का पाठ करने के बाद अश्लील इशारा करता है। वानखेड़े का कहना है कि यह न केवल राष्ट्रीय भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम, 1971 का उल्लंघन भी है। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि सीरीज प्रवर्तन एजेंसियों को भी नकारात्मक रूप से दिखाती है, जिससे जनता का भरोसा कम हो सकता है।

क्रूज ड्रग्स केस की पृष्ठभूमि

गौरतलब है कि अक्टूबर 2021 में समीर वानखेड़े तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने मुंबई क्रूज ड्रग्स केस में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी लंबे समय तक मीडिया और सोशल मीडिया की सुर्खियों में रही थी। बाद में आर्यन को बॉम्बे हाईकोर्ट से ज़मानत मिली थी। उस वक्त भी वानखेड़े पर कई तरह के आरोप लगे थे।

आगे की सुनवाई

अब वानखेड़े का कहना है कि इस सीरीज के जरिए उनके पुराने विवाद को जानबूझकर फिर से उछाला गया है और उन्हें “विलेन” की तरह दिखाया गया है। दिल्ली हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई जल्द शुरू हो सकती है। अगर अदालत स्ट्रीमिंग पर रोक का आदेश देती है तो यह आर्यन खान के निर्देशन में बनी पहली सीरीज के लिए बड़ा झटका साबित होगा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।