रोजर बिन्नी ने BCCI अध्यक्ष पद छोड़ा, राजीव शुक्ला बने अंतरिम प्रमुख
मुंबई। भारतीय क्रिकेट प्रशासन में बड़ा बदलाव हुआ है। टीम इंडिया के 1983 विश्वकप विजेता खिलाड़ी और पूर्व ऑलराउंडर रोजर बिन्नी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी और मौजूदा उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को अंतरिम अध्यक्ष का कार्यभार सौंपा..
मुंबई। भारतीय क्रिकेट प्रशासन में बड़ा बदलाव हुआ है। टीम इंडिया के 1983 विश्वकप विजेता खिलाड़ी और पूर्व ऑलराउंडर रोजर बिन्नी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी और मौजूदा उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
बिन्नी ने अक्टूबर 2022 में सौरव गांगुली की जगह यह पद संभाला था। हाल ही में 19 जुलाई 2025 को वे 70 वर्ष के हो गए और BCCI संविधान के मुताबिक 70 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी आगे नहीं निभा सकते। पैंसठ वर्षीय शुक्ला, जो 2020 से BCCI के उपाध्यक्ष हैं, अब सितंबर में प्रस्तावित वार्षिक आम बैठक (AGM) तक बोर्ड के कामकाज संभालेंगे। उसी बैठक में स्थायी अध्यक्ष का चुनाव राज्य क्रिकेट संघों की सहमति से होगा।
राष्ट्रीय खेल विधेयक पर कानूनी राय
पहले यह अटकलें थीं कि बिन्नी नए राष्ट्रीय खेल विधेयक के पारित होने के बाद बोर्ड बैठक तक बने रह सकते हैं। इस विधेयक में राष्ट्रीय खेल महासंघों के पदाधिकारियों की आयु सीमा 75 वर्ष की गई है, बशर्ते अंतरराष्ट्रीय निकाय इसकी अनुमति देता हो। लेकिन फिलहाल BCCI संविधान में आयु सीमा 70 वर्ष ही लागू है। बोर्ड की कानूनी टीम नए विधेयक की समीक्षा कर रही है। एक सूत्र ने कहा, “राष्ट्रीय खेल विधेयक अभी पास हुआ है, इस पर विचार और चर्चा के लिए हमारे पास समय है। निर्णय जल्दबाज़ी में नहीं लिया जाएगा।”
रोजर बिन्नी का योगदान
रोजर बिन्नी भारत की 1983 विश्वकप विजेता टीम के अहम सदस्य थे और उस टूर्नामेंट में 18 विकेट लेकर सर्वाधिक सफल गेंदबाज़ रहे। उन्होंने कई भूमिकाओं में भारतीय क्रिकेट की सेवा की—2000 में अंडर-19 टीम को विश्वकप जिताने वाले कोच रहे, चयन समिति का हिस्सा बने और कर्नाटक क्रिकेट संघ के अध्यक्ष भी रहे। BCCI अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल एशिया कप की तैयारियों और 2028 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी जैसी बड़ी जिम्मेदारियों के बीच आया।
राजीव शुक्ला की भूमिका
अनुभवी प्रशासक और पूर्व IPL गवर्निंग काउंसिल सदस्य राजीव शुक्ला अब इस संक्रमण काल में बोर्ड को दिशा देंगे। उनकी प्राथमिकता संचालन को स्थिर करना और ड्रीम11 के कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद नए प्रायोजक ढूंढना होगी।
रोहित-विराट के संन्यास पर शुक्ला
एक टीवी शो में शुक्ला से पूछा गया कि क्या विराट कोहली और रोहित शर्मा को भी सचिन तेंदुलकर जैसी विदाई दी जाएगी?
इस पर उन्होंने कहा, “कब रिटायर हुए वे? रोहित शर्मा, विराट कोहली अभी भी वनडे खेल रहे हैं। जब वे खेल ही रहे हैं तो अभी से विदाई की बात क्यों? चिंता क्यों कर रहे हैं?”
उन्होंने स्पष्ट किया कि संन्यास का निर्णय हमेशा खिलाड़ियों का व्यक्तिगत होता है, “हमारी नीति साफ है..BCCI कभी किसी खिलाड़ी से रिटायरमेंट लेने को नहीं कहता। यह फैसला खिलाड़ी खुद करता है।”
What's Your Reaction?