अमित शाह पर विवादित टिप्पणी से महुआ मोइत्रा मुश्किल में, BJP ने दर्ज कराई शिकायत

तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर विवादित टिप्पणी कर नया राजनीतिक बवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने शाह पर बांग्लादेश से हो रही घुसपैठ रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कथित तौर पर कहा कि उनका “सिर काटकर मेज़ पर रख देना..

अमित शाह पर विवादित टिप्पणी से महुआ मोइत्रा मुश्किल में, BJP ने दर्ज कराई शिकायत
30-08-2025 - 01:00 PM

नयी दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर विवादित टिप्पणी कर नया राजनीतिक बवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने शाह पर बांग्लादेश से हो रही घुसपैठ रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कथित तौर पर कहा कि उनका “सिर काटकर मेज़ पर रख देना चाहिए।”

भाजपा ने उनकी टिप्पणी को “घृणास्पद” बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है और पूछा है कि क्या यही तृणमूल कांग्रेस की आधिकारिक नीति है।

क्या कहा महुआ मोइत्रा ने?

पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में गुरुवार को एक कार्यक्रम में मीडिया से बात करते हुए महुआ ने कहा, वे (केंद्र सरकार) बार-बार घुसपैठियों की बात करते हैं, लेकिन भारत की सीमा की सुरक्षा पांच बलों के हाथ में है और यह सीधे-सीधे गृह मंत्रालय की ज़िम्मेदारी है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, लाल किले से पीएम खुद कह रहे थे कि घुसपैठिए जनसांख्यिकीय बदलाव ला रहे हैं। लेकिन जब वे यह कह रहे थे, तो उनके गृहमंत्री सामने बैठकर मुस्कुरा रहे थे और ताली बजा रहे थे।”

इसके बाद उन्होंने शाह पर सीधा हमला बोला, अगर हमारे पास कोई नहीं है जो सीमाओं की रक्षा करे, अगर हर दिन दूसरे देश के लोग अंदर आ रहे हैं, अगर हमारे नागरिक शिकायत कर रहे हैं कि घुसपैठिए हमारी माताओं-बहनों पर नज़र डाल रहे हैं और हमारी ज़मीन छीन रहे हैं, तो सबसे पहले तुम्हें अमित शाह का सिर काटकर अपनी मेज़ पर रखना चाहिए।”

क्रिश्‍चनानगर से सांसद महुआ ने सवाल किया कि जब प्रधानमंत्री खुद मान रहे हैं कि घुसपैठिए हमारे लोगों को परेशान कर रहे हैं”  तो फिर ज़िम्मेदारी किसकी है। उन्होंने यह भी पूछा कि BSF की मौजूदगी के बावजूद घुसपैठ क्यों जारी है।

BJP ने की शिकायत

महुआ की इस टिप्पणी से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने क्रिश्‍चनानगर के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह शिकायत स्थानीय निवासी संदीप मजूमदार ने दी है।

भाजपा की प्रतिक्रिया

भाजपा नेताओं ने महुआ की टिप्पणी को “लोकतांत्रिक संवाद का अपमान” और “गंभीर आपत्तिजनक” बताया है।
भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा, यह घृणास्पद और आपत्तिजनक टिप्पणी न सिर्फ व्यक्ति बल्कि पूरे तृणमूल कांग्रेस के मानसिकता को दर्शाती है। हम जानना चाहते हैं कि क्या यही TMC की आधिकारिक लाइन है। अगर नहीं, तो उन्हें तुरंत माफी मांगनी चाहिए और महुआ के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।”

फिलहाल महुआ मोइत्रा ने इस शिकायत पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, और तृणमूल कांग्रेस ने भी अब तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।