घूम आएं रामदरबार ! राजस्थान में इन जगहों से अयोध्या के लिए चलेंगी आस्था स्पेशल ट्रेन, जानें रूट
<p>अयोध्‍या राम मंदिर प्राण प्रतिष्‍ठा समारोह के बाद भी बड़ी संख्‍या में राम भक्‍त राम दरबार आने को उतावले हो उठे हैं ऐसे में भारतीय रेलवे ने भी उन राम भक्‍तों के लिए कई विशेष कदम उठाए हैं। नियमित ट्रेनें मार्च तक आरक्षित हो चुकीं हैं। वहीं अब रेलवे देशभर में अयोध्या के लिए आस्था स्पेशल ट्रेनें संचालित करेगा। </p>
आस्था स्पेशल में राम भक्तों के लिए राजस्थान से चार विशेष ट्रेनें चलेंगी। ये ट्रेन प्रथम चरण में जोधपुर, बीकानेर, बाड़मेर व जैसलमेर से अयोध्या के लिए दौड़ेंगी। बाद में अन्य शहरों जैसे जयपुर, अजमेर, उदयपुर व कोटा से भी शुरू होंगी।
इसके तहत उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में उदयपुर, जयपुर, पाली मारवाड़, भगत की कोठी (जोधपुर), जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर व हिसार से आस्था स्पेशल ट्रेनें संचालित होंगी। इनमें थर्ड एसी और स्लीपर कोच ही होंगे। इन ट्रेनों में यात्रियों को बेडरोल और भोजन दिया जाएगा।आस्था स्पेशल ट्रेन 26 जनवरी से 24 फरवरी तक संचालित होंगी।
एक साथ दोनों तरफ का टिकट बुक होगा
आस्था स्पेशल ट्रेनों के टिकट आईआरसीटीसी टूरिस्ट पोर्टल के माध्यम से जारी किए जाएंगे। पीआरएस डेटाबेस में यह ट्रेन नहीं दिखेगी। इस ट्रेन की खासियत यह होगी कि यात्री इसमें आने-जाने दोनों का टिकट बुक करा सकेंगे। अयोध्या पहुंचकर दर्शन करने के बाद इसी ट्रेन से वापस हो जाएंगे। टिकट रद कराने के नियम पूर्ववत ही रहेंगे। बच्चों का किराया वर्तमान रेलवे नियम आधारित होगा।
आईआरसीटीसी के कर्मचारियों को विशेष सुविधाएं
आस्था स्पेशल में आईआरसीटीसी के कर्मचारियों के लिए प्रत्येक तीन कोच पर फ्री छह बर्थ की सुविधा दी जाएगी। इन ट्रेनों में इनके कर्मचारियों को खानपान सेवाओं के वितरण और परिवहन के लिए कोई पैसे नहीं लगेगा। साथ ही रेलवे सुरक्षा को एस्कार्टिंग पार्टियां, ओबीएचएस स्टाफ आदि जैसे सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
1500 से 1700 रुपए तक किराया
आस्था स्पेशल ट्रेन में स्लीपर का किराया 1500 से 1700 रुपए तक होगा, जबकि थर्ड एसी कोच का किराया 3 हजार से 3200 रुपए तक होगा। इस किराए में खाना भी शामिल है।
What's Your Reaction?