साइरस की मौत के बाद जनता के निशाने पर गडकरी...
कार दुर्घटना में टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मौत के बाद सरकार अब कार कंपनियों के लिए पिछली सीट पर भी बेल्ट अलार्म प्रणाली को अनिवार्य करने जा रही है। सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जैसे ही यह बात कही, वे लोगों के निशाने पर आ गए। सोशल मीडिया पर सडक़ों की दयनीय हालत पर चर्चा शुरू हो गई।
इस समय, सभी कंपनियों के लिए केवल आगे की सीट पर बैठे यात्रियों के लिए सीट बेल्ट ‘रिमाइंडर’ देना अनिवार्य है। गडकरी ने कहा कि अब पीछे की सीटों के लिए भी कारों में सीट बेल्ट अलार्म प्रणाली होनी चाहिए। केंद्रीय मोटर वाहन नियम के नियम 138 (3) के तहत पिछली सीट पर सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है।
नियम है लेकिन लोगों को नहीं पता
हालांकि, ज्यादातर लोग इस बात से अनजान हैं कि यह नियम अनिवार्य है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी पिछली सीट पर बैठे यात्रियों के सीट बेल्ट नहीं लगाने पर भी जुर्माना नहीं लगाते हैं।
पुल के डिजाइन में दिखी कमी
जहां साइरस की कार दुर्घटनाग्रस्त हुई, मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर सूर्या नदी के उस पुल की डिजाइन में ही खामी सामने आ रही है। शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि पीछे बैठे दोनों लोगों ने सीट बेल्ट नहीं लगाया था। कुछ लोगों ने लिखा कि गडकरी जी, पहले सडक़ों को गड्ढों से मुक्त कीजिए। देश की सडक़ों का ऑडिट करवाए जाने की आवश्यक्ता है।
What's Your Reaction?